Magh Mela 2027 की तैयारी तेज: प्रयागराज के 9 स्टेशनों से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, अयोध्या-काशी के लिए चलेगी 'रिंग रेल'
माघ मेला 2027 के लिए प्रयागराज में व्यापक तैयारियां चल रही हैं, जिसमें शहर के नौ रेलवे स्टेशनों से विशेष ट्रेनें चलेंगी।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
प्रयागराज के 9 स्टेशनों से विशेष ट्रेनें चलेंगी।
श्रद्धालुओं के लिए कलर-कोडेड यात्री आश्रय स्थल।
अयोध्या, काशी हेतु रिंग रेल सेवा उपलब्ध होगी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के सभी नौ रेलवे स्टेशनों-प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, नैनी, छिवकी, रामबाग, झूंसी, प्रयागराज संगम, प्रयाग और फाफामऊ-से विशेष ट्रेनें दिशावार चलाई जाएंगी।
भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए यात्री आश्रय स्थलों की पहचान कलर कोडिंग (लाल, नीला, पीला, हरा) के माध्यम से की जाएगी, जिसके अनुरूप ही यात्रियों का आवागमन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, खुशरोबाग में यात्रियों के लिए एक आपातकालीन होल्डिंग एरिया भी तैयार किया जाएगा।
समन्वय बनाए रखने के लिए प्रयागराज मंडल नोडल की जिम्मेदारी निभाएगा। निगरानी के लिए प्रयागराज जंक्शन पर एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां से शहर के सभी रेलवे स्टेशनों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। मुख्य स्नान पर्वों पर भीड़ को संभालने के लिए, स्टेशन पर एक दिशा से प्रवेश और दूसरे से निकास की नीति लागू की जाएगी, जिसके लिए प्रयागराज जंक्शन, नैनी, छिवकी, सूबेदारगंज, प्रयाग, फाफामऊ, रामबाग और झूंसी में विशेष व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी।
प्रयाग व प्रयागराज जंक्शन से रिंग रेल चलेगी जिससे अयोध्या, वाराणसी, चित्रकूट, झांसी जैसे प्रमुख गंतव्यों के लिए रिंग रेल सुविधा उपलब्ध रहेगी।
यह भी पढ़ें- पटना-प्रयागराज के बीच आज से चलेगी मेमू मेला स्पेशल, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल
किस रूट की कहां से मिलेगी ट्रेन
- नैनी व प्रयागराज जंक्शन- पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मेजा रोड, मांडा रोड, विंध्याचल, मीरजापुर, चुनार की ओर।
- प्रयागराज जंक्शन - कानपुर, भरवारी, सिराथू ,खागा, फतेहपुर की ओर।
- प्रयागराज जंक्शन, नैनी व छिवकी स्टेशन- जबलपुर, मानिकपुर, शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, सतना, झांसी की ओर।
- प्रयाग व फाफामऊ स्टेशन - फूलपुर, भदोही, लालगंज, लखनऊ, अमेठी, प्रतापगढ़, ऊंचाहार, रायबरेली, लखनऊ, बरेली, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, अयोध्या धाम की ओर।
- रामबाग व झूंसी स्टेशन -ज्ञानपुर रोड, बनारस, वाराणसी, मऊ, बलिया, भटनी, गोरखपुर की ओर।
अलग अलग रंगों के आश्रय स्थल व प्रवेश द्वार
- लाल-लखनऊ व वाराणसी की ओर जाने वाले यात्री रुकेंगे
- नीला-मीरजापुर, विंध्याचल, व पीडीडीयू की ओर
- पीला-मानिकपुर, सतना, झांसी की ओर
- हरा-फतेहपुर व कानपुर की ओर
- सफेद रंग के प्रवेश द्वार से आरक्षित टिकट वाले यात्री जंक्शन पर प्रवेश करेंगे।
- प्रमुख स्नान पर्व पर प्रयागराज जंक्शन पर केवल लीडर रोड से (सिटी साइड से) प्रवेश मिलेगा।
- प्रयागराज जंक्शन मेला कंट्रोल रूम लीडर रोड पर बनाया जाएगा।
माघ मेला में महाकुंभ वाले सभी प्रोटोकॉल लागू रहेंगे। कलर कोडिंग, दिशावार ट्रेन, एकल प्रवेश जैसे सुरक्षा प्रोटोकॉल को अपनाया जाएगा।
रजनीश अग्रवाल, डीआरएम प्रयागराज
