Magh Mela 2027 में नए सिक्स लेन पुल से सीधे शहर रोडवेज बस एंट्री, प्रयागराज में श्रद्धालुओं को जाम से मिलेगी राहत
आगामी माघ मेला 2027 में नए सिक्स लेन पुल से रोडवेज बसें सीधे प्रयागराज शहर में प्रवेश करेंगी। इससे श्रद्धालुओं ...और पढ़ें

माघ मेला 2027 में यात्रियों को सुविधा, नए सिक्स लेन पुल से रोडवेज बसें सीधे शहर में आएंगी।
HighLights
मौनी अमावस्या पर चलेंगी 2800 बस, जाम से बचेगा फाफामऊ
सात अस्थायी बस अड्डे बनेंगे, आएंगी 10 प्रतिशत अतिरिक्त बस
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। Magh Mela 2027 आगामी माघ मेला में संगम स्नान के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र के मुहाने पर लगने वाले भीषण जाम और मीलों पैदल चलने की विवशता से निजात मिलेगी। अब फाफामऊ के बेला कछार में कोई अस्थायी बस अड्डा नहीं बनेगा।
लखनऊ और अयोध्या रूट से आने वाली रोडवेज की बसें नए सिक्स लेन पुल से सीधे शहर में प्रवेश करेंगी और यात्रियों को भारत स्काउट एंड गाइड कॉलेज परिसर में ही उतारा जाएगा। कल्पवासियों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं को इससे काफी सहूलियत मिलेगी।
शहर के चारों ओर यातायात को विकेंद्रीकृत रखने के लिए सात अस्थायी बस स्टेशनों का जाल बिछाया गया है। गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़ की बसों को चीनी मिल बस स्टेशन पर, वाराणसी रूट की गाड़ियों को झूंसी में और रीवा-चित्रकूट से आने वाले वाहनों को लेप्रोसी मिशन स्टेशन पर नियंत्रित किया जाएगा।
Magh Mela 2027 मौजूदा दौर में प्रयागराज, काशी और अयोध्या का नया ‘धार्मिक सर्किट’ श्रद्धालुओं की पहली पसंद बना हुआ है। पिछले आयोजनों में मौनी अमावस्या जैसे मुख्य स्नान पर्वों पर उमड़ी 2800 बसों की रिकार्ड भीड़ को देखते हुए इस बार मेला प्राधिकरण ने कमर कस ली है। रेलवे को इस विशेष सर्किट पर 10 फीसदी अतिरिक्त रैक चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं रोडवेज बेड़े में 12 से 15 फीसदी तक अतिरिक्त बसें जोड़ने की तैयारी है। क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार ने बताया कि बसों के लिए मुख्यालय लखनऊ को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
काशी-अयोध्या-प्रयागराज सर्किट के चलते इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा तय है। सिक्स लेन पुल से शहर के भीतर तक बसों के सीधे संचालन से कछार का ट्रैफिक दबाव पूरी तरह खत्म होगा। रेलवे और परिवहन निगम के समन्वय से ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
- डॉ. लोकेश एम., मंडलायुक्त व अध्यक्ष, प्रयागराज मेला प्राधिकरण।
माघ मेला में कहां से चलेंगी बसें
- बस स्टेशन का नाम - प्रमुख मार्ग (रूट) - सामान्य दिनों में बसें - मुख्य स्नान पर्वों पर बसें - रिजर्व बसें - कुल आवंटित बसें -
- चीनी मिल बस स्टेशन - गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बदलापुर, टांडा मार्ग - 790 - 1100 - 100 - 1200 -
- झूंसी बस स्टेशन - वाराणसी व संबद्ध मार्ग - 80 - 100 - 50 - 150 -
- विद्यावाहिनी / भारत स्काउट गाइड स्कूल - रायबरेली-लखनऊ, अयोध्या, गोंडा, बस्ती व बहराइच मार्ग - 380 - 500 - 50 - 550 -
- अस्थायी बस स्टेशन, नेहरू पार्क - कानपुर, सराय अकिल, मंझनपुर व कौशांबी मार्ग - 195 - 400 - 50 - 450 -
- लेप्रोसी मिशन बस स्टेशन - बांदा, चित्रकूट, रीवा, सीधी, विंध्याचल, मिर्जापुर व शक्तिनगर मार्ग - 355 - 400 - 50 - 450 -
- कुल योग - सभी दिशाओं के मार्ग - 1800 - 2500 - 300 - 2800 -
(नोट: मेला व पुलिस प्रशासन द्वारा विद्यावाहिनी बस स्टेशन से संचालन प्रतिबंधित किए जाने पर लखनऊ-अयोध्या मार्ग की बसें भारत स्काउट गाइड स्कूल और कानपुर मार्ग की बसें नेहरू पार्क से संचालित होंगी।)
यह भी पढ़ें- RRB NTPC Graduate Bharti : 5810 पदों पर नियुक्ति का इंतजार खत्म, कैंडिडेट लॉगिन विंडो सक्रिय; परीक्षा विवरण देखें
यह भी पढ़ें- माफिया अतीक अहमद का बेटा अली प्रयागराज कोर्ट में पेश, सुनवाई के दौरान समर्थकों की भीड़ व कड़ी सुरक्षा
