विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Magh Mela के लिए श्रद्धालुओं को रेलवे का बड़ा तोहफा, प्रयागराज के 9 स्टेशनों से चलेंगी 72 स्पेशल ट्रेनें

Published: Sun, 22 Nov 2026 06:45 AM (IST)Updated: Sun, 22 Nov 2026 06:52 AM (IST)

रेलवे माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रयागराज से 72 विशेष ट्रेनें चलाएगा। यह सेवा जनवरी से 6 मार्च तक 9 स्टेशनों से संचालित होंगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. माघ मेला के लिए 72 विशेष ट्रेनें चलेंगी।

  2. प्रयागराज के 9 स्टेशनों से होगा संचालन, 6 मार्च तक।

  3. भीड़ प्रबंधन हेतु रिंग रेल और कलर कोडिंग व्यवस्था।

राजेंद्र यादव, प्रयागराज। माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर प्रयागराज रेल मंडल 72 मेला स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। रेलवे ने जनवरी से छह मार्च तक यह व्यवस्था बनाई है। ट्रेनें प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, नैनी, छिवकी, रामबाग, झूंसी, प्रयागराज संगम, प्रयाग और फाफामऊ से चलेंगी। यही नहीं, भीड़ बढ़ने पर स्पेशल ट्रेनों की संख्या में बढ़ोतरी भी की जा सकती है।

जनवरी से माघ मेला शुरू हो जाएगा। इसमें लाखों श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाने आएंगे। खासतौर पर प्रमुख स्नान पर्व मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी के साथ ही पौष व माघी पूर्णिमा व महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहेगी। दूसरे राज्य व जिले से संगम स्नान को आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है।

72 मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने के साथ ही इनके ठहराव की भी विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर व्यवस्था बनाई गई है। मुख्य स्नान पर्वों पर भीड़ अनियंत्रित न हो, इसके लिए प्रवेश व निकासी अलग-अलग होगी। यह व्यवस्था प्रयागराज जंक्शन, रामबाग, सूबेदारगंज, नैनी, प्रयाग, छिवकी, झूंसी और फाफामऊ में बनाई जाएगी।

प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि माघ मेला के लिए अतिरिक्त मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन तो होगा ही रिंग रेल भी चलाई जाएगी। इसके लिए व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। श्रद्धालुओं को राहत प्रदान करने के लिए रेलवे हर जरूरी कदम उठा रहा है।

कलर कोडिंग से होगी यात्री आश्रय स्थलों की पहचान

भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए यात्री आश्रय स्थलों की पहचान कलर कोडिंग के माध्यम से होगी। इसके लिए लाल, नीला, पीला, हरा रंग का चयन किया गया है। लाल रंग वाले यात्री आश्रय स्थल पर लखनऊ, वाराणसी, नीला रंग वाले आश्रय स्थल पर मीरजापुर, विंध्याचल, पीडीडीयू, पीला रंग वाले आश्रय स्थल पर मानिकपुर, सतना, झांसी व हरा रंग वाले आश्रय स्थल पर फतेहपुर व कानपुर की ओर जाने वाले यात्री रुकेंगे।

धार्मिक स्थलों के लिए चलेगी रिंग रेल

धार्मिक स्थलों के लिए रेलवे द्वारा रिंग रेल चलाई जाएगी। इसका संचालन प्रयागराज जंक्शन व प्रयाग से होगा। हालांकि, प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन से इसकी व्यवस्था बनाई जा रही है। रिंग रेल के माध्यम से यात्री अयोध्या, वाराणसी, चित्रकूट, झांसी जैसे प्रमुख गंतव्यों के लिए रवाना हो सकेंगे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली व मुंबई और बिहार के लिए रेलवे ने चलाई 10 विशेष ट्रेन, प्रयागराज से होकर जाएंगी; यात्रियों को होगी सुविधा 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।