माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर के समर्थकों की दो और कारें सीज, अब तक छह वाहन हुए सीज; कई और की तलाश
माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर के समर्थकों द्वारा नवाबगंज टोल प्लाजा पर बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों को धमकाने के ...और पढ़ें

प्रयागराज के नवाबगंज थाने में सीज माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर के समर्थकों के वाहन। सौजन्य : पुलिस मीडिया सेल
HighLights
टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ने व कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश का मामला
कार चालक और मालिक पुलिस की पकड़ से दूर, तलाश कर रही पुलिस टीम
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार के नवाबगंज स्थित टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ने, टैक्स नहीं देने, कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश और धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो और कारों को शुक्रवार को सीज किया। अब तक छह कारों को सीज किया जा चुका है। यह सभी वाहन माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर के समर्थकों की हैं। हालांकि, कार चालक और उसके मालिक अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद को आठ अगस्त को सिपुर्द-ए-खाक किया जाना था। उसके जनाजे में शामिल होने के लिए उमर और अली को पैरोल मिली थी। लखनऊ जेल से लाते समय उमर के पीछे कई वाहन चल रहे थे। नवाबगंज स्थित नेशनल हाईवे पर बने टोल प्लाजा पर जब समर्थक अपने वाहनों से पहुंचे तो बैरियर तोड़ दिया।
कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश की और टोल टैक्स मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। टोल प्लाजा के मैनेजर की तहरीर पर नवाबगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। शुक्रवार को पुलिस ने दो और वाहनों को खोज निकाला। दोनों को सीज कर दिया।
वरिष्ठ उप निरीक्षक उमेश कुमार सिंह के मुताबिक एक कार हुसैन खान निवासी मऊ सरैया अशोक नगर थाना कैंट व दूसरी मो. आतीफ निवासी टिकरी उपरहार अहमदपुर असरौली उपरहार थाना नवाबगंज की है। हालांकि, दोनों पकड़ में नहीं आए। इसके पहले पुलिस ने उमर के समर्थकों की चार कारें सीज की थीं।
