विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2027 के विधानसभा चुनाव में सपा होगी चित, जनता गुंडागर्दी-माफियागीरी वापस नहीं आने देगी; केशव मौर्य का प्रयागराज में दावा 

By Mritunjay Mishra Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 18 Oct 2026 05:02 PM (IST)

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा चारों खाने चित्त होगी। जनता उनकी गुंडागर्दी को वापस नहीं आने देगी।

प्रयागराज में मीडिया से बातचीत करते उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।

प्रयागराज में मीडिया से बातचीत करते उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।

HighLights

  1. पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा पंडाल हादसे पर विपक्ष की प्रतिक्रिया पर दुख व्यक्त किया

  2. उन्होंने कहा कि भाजपा देशहित और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2026 के विधान परिषद और 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) चारों खाने चित होगी। चुनाव में हार के बाद अखिलेश यादव ईवीएम और शासन-प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप लगाएंगे, लेकिन प्रदेश की जनता अब सपा की गुंडागर्दी और माफियागीरी को वापस नहीं आने देगी।

भाजपा देशहित के संकल्प संग आगे बढ़ रही

रविवार को प्रयागराज प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने यह बातें कही। दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी 2027 ही नहीं बल्कि 2047 तक प्रदेश और देश की सत्ता में बनी रहेगी और विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा देशहित और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

दुर्गा पूजा पंडाल हादसे पर दुख जताया

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे पर विपक्ष की प्रतिक्रिया के संबंध में उप मुख्यमंत्री ने दुख व्यक्त किया। कहा कि हादसे में प्रभावित लोगों के प्रति पूरे उत्तर प्रदेश की संवेदना है। पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी रविवार को पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं। बोले कि विपक्ष ऐसी दुखद घटनाओं पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आता।

माफिया अतीक के पोस्टर पर क्या बाेले केशव?

लखनऊ में माफिया अतीक अहमद को रावण के रूप में दर्शाने वाले पोस्टर लगाए जाने और इसके लिए भाजपा पर आरोप लगाए जाने के सवाल पर केशव मौर्य ने कहा कि अतीक अहमद जैसे अपराधी और माफिया का पोस्टर लगाने की भाजपा को कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि अतीक अहमद की मृत्यु हो चुकी है।

...इसलिए विपक्षी दल 'रिजीम चेंज' की बात कर रहे

उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस, सपा और वामपंथी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों का इतिहास बूथ लूटकर सरकार बनाने का रहा है। आरोप लगाया कि चुनावी रणनीतियां विफल होने के कारण विपक्षी दल 'रिजीम चेंज' की बात कर रहे हैं। मौर्य ने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने विपक्षी गठबंधन की दाल नहीं गलने वाली। उन्होंने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने और अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी तथा उद्धव ठाकरे के दोबारा मुख्यमंत्री बनने की संभावनाओं को भी खारिज किया।

वामपंथी दलों पर साधा निशाना 

उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करने वालों को समझना चाहिए कि भारत बांग्लादेश जैसी राजनीतिक अस्थिरता का शिकार नहीं होगा। उन्होंने वामपंथी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता उन्हें पहले ही नकार चुकी है।

एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

इससे पहले बमरौली एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का स्वागत किया। इस दौरान काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, एमएलसी अनूप गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, आनंद सोनकर, कुंज बिहारी मिश्रा, राजेंद्र मिश्र, अनुज कुशवाहा, मनोज कुशवाहा, सुबोध सिंह, वरुण केसरवानी, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव और राजेश गोंड सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- सरकारी बजट खपाकर गुजर गए सचिव, प्रधानी भी अब नहीं रही; कौन देगा प्रयागराज में गांवों के विकास का हिसाब?

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में 1500 व प्रतापगढ़ में भूमि बंटवारे के 712 वाद लंबित, तहसीलदार व नायब पर होगी कार्रवाई