अब घने कोहरे में भी नहीं थमेगी ट्रेनों की रफ्तार, रेलवे ने अपडेट किया 'फॉग सेफ्टी डिवाइस' सिग्नल सिस्टम
रेलवे ने घने कोहरे में ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए फॉग सेफ्टी डिवाइस (एफएसडी) सिग्नल सिस्टम को अपडेट किया है।
-1763470542487_v-1794774936048_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
फॉग सेफ्टी डिवाइस सिस्टम ट्रेनों के सुरक्षित संचालन हेतु अपडेट
दुर्घटनाओं का खतरा कम, ट्रेनों का विलंब रुकेगा
लोको पायलटों को सिग्नल की अग्रिम जानकारी मिलेगी
राजेंद्र यादव, प्रयागराज। कोहरा धीरे-धीरे घना हो रहा है, लेकिन रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। ट्रेन संचालन को पहले से अधिक सुरक्षित और सुचारू बनाने के उद्देश्य से रेलवे ने उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे रूट पर फॉग सेफ्टी डिवाइस (एफएसडी) सिग्नल सिस्टम को अपडेट कर दिया है। इस अत्याधुनिक तकनीक से एक ओर जहां कोहरे के कारण होने वाली ट्रेन दुर्घटनाओं की आशंका बेहद कम होगी, वहीं ट्रेन का संचालन भी प्रभावित नहीं होगा।
सर्दी में उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा होता है। इससे रेल पटरियों पर दृश्यता बेहद कम हो जाती है। इसका सीधा असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ता है। लोको पायलट को सिग्नल साफ तौर पर नजर नहीं आते, जिस कारण ट्रेनों की गति को नियंत्रित करना मुश्किल होता है। इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ट्रेनें भी घंटों विलंबित होती हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। इसी सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे हमेशा फाग मैनेजमेंट प्लान तैयार करता है, बावजूद इसके उतनी सफलता नहीं मिलती, जितनी उम्मीद रहती है। हालांकि, इस बार दावा किया जा रहा है कि फॉग सेफ्टी डिवाइस (एफएसडी) सिग्नल सिस्टम को अपडेट करने से हमेशा होने वाली समस्या काफी हद तक दूर होगी।
उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे रूट पर अधिकांश ट्रेनों में एफएसडी लगाया गया है। इस सिग्नल सिस्टम के तहत लोको पायलट को अगला सिग्नल पहले ही दिखाई देने लगेगा। जैसे ही ट्रेन किसी सिग्नल के निर्धारित दायरे में प्रवेश करेगी, उससे संबंधित जानकारी लोको पायलट को डिस्प्ले पर उपलब्ध हो जाएगी। इससे लोको पायलट को यह पता चल सकेगा कि कौन सा सिग्नल है।
ऐसे काम करता है फॉग पास
यह उपकरण ट्रेन इंजन की गति, स्थलों तक पहुंचने की दूरी और समय को भी दर्शाता है। यह 500 मीटर की दूरी पर रह जाने पर ध्वनि संदेश देता है। जहां ट्रेनें घने कोहरे से प्रभावित क्षेत्रों से होकर गुजरती हैं, वहां इसका शत प्रतिशत उपयोग होता है।
गिनी-चुनी ट्रेनें होंगी प्रभावित
घने कोहरे की वजह से हमेशा बड़ी संख्या में ट्रेनों का संचालन प्रभावित होता था, लेकिन इस बार गिनी-चुनी ट्रेनों पर ही इसका असर पड़ेगा। दिसंबर के दूसरे सप्ताह से मार्च के प्रथम सप्ताह तक निरस्त ट्रेनों की संख्या जहां कम रहेगी, वहीं उसके फेरे भी बेहद कम प्रभावित होंगे।
जो ट्रेनें बीच-बीच में निरस्त रहेंगी, उसमें कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम एक्सप्रेस, काठगोदाम-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस, गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर एक्सप्रेस, संतरागाछी-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल-संतरागाछी एक्सप्रेस शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- भगवान राम और सीता माता की जन्मस्थली को जोड़ रहा रेलवे, 23 से अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच ट्रेन का संचालन
जबकि जिनके फेरे कम होंगे, उसमें भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल-भागलपुर एक्सप्रेस, गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर एक्सप्रेस, मऊ-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल-मऊ एक्सप्रेस, छपरा-फर्रुखाबाद एक्सप्रेस, फर्रुखाबाद-छपरा एक्सप्रेस, टनकपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस, सिंगरौली-टनकपुर एक्सप्रेस, टनकपुर-शक्तिनगर एक्सप्रेस, शक्तिनगर-टनकपुर एक्सप्रेस, अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस, सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस, कामाख्या-आनंद विहार टर्मिनल नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल-कामाख्या नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली जंक्शन सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस, दिल्ली जंक्शन-अलीपुरद्वार जंक्शन सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस।
घने कोहरे से निपटने के लिए रेलवे पूरी तरह से तैयार है। ट्रैकमैन लगातार निगरानी कर रहे हैं। अधिकारी भी निरीक्षण कार्यों में लगे हैं। एफएसडी सिस्टम से ट्रेनों के अनावश्यक विलंब पर अंकुश लगेगा। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।- डॉ. शिवम शर्मा, सीपीआरओ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।