विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हकीम और वैद्य की डिग्री धारक कर रहे ऑपरेशन, प्रयागराज में चल रहा अवैध अस्पताल का कारोबार

Published: Mon, 02 Sep 2024 04:24 PM (IST)

यूपी के प्रयागराज में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक और अस्पताल मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। हकीम ...और पढ़ें

करछना तहसील क्षेत्र में फल फूल रहा अवैध अस्पताल का कारोबार
करछना तहसील क्षेत्र में फल फूल रहा अवैध अस्पताल का कारोबार

संवाद सूत्र, करछना। तहसील क्षेत्र में धड़ल्ले से अवैध रूप से क्लीनिक व अस्पताल चलाने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। हकीम और वैद्य की डिग्री धारक डॉक्टर बनकर मरीजों को दवाइयां बांट रहे हैं।

जगह-जगह अवैध अस्पताल खोलकर ग्रामीण क्षेत्र के भोले भाले लोगों को फंसाकर उनका ऑपरेशन भी कर रहे हैं। अवैध रूप से क्लीनिक व अस्पताल संचालित करने वाले झोलाछाप डॉक्टर मरीजों का आर्थिक दोहन कर उनकी जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। हकीम और वैद्य की डिग्री धारक डॉक्टर मरीजों के पथरी, अपेंडिक्स, हर्निया आदि का ऑपरेशन कर रहे हैं। जिससे उनकी जिंदगी खतरे में पड़ रही है। कुछ दिनों पूर्व करमा क्षेत्र के एक अस्पताल में मरीज के पथरी का ऑपरेशन करने से उसकी मौत हो गई थी।

झोलाछाप डॉक्टर कर रहे इलाज

वहीं करछना क्षेत्र के मड़वा गांव का एक युवक खीरी थाना क्षेत्र के झोलाछाप डॉक्टर से पथरी का ऑपरेशन करवाया था। ऑपरेशन के बाद उसकी हालत बिगड़ गई थी। अभी तक उसका इलाज चल रहा है।बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित इन अस्पतालों व क्लीनिक में झोलाछाप की ओर से मरीजों की बीमारी को ठीक करने की 100% गारंटी भी ली जा रही है।

क्षेत्र के बेंदौ,पचदेवरा,करमा,कैथी,कौवा,भड़ेवरा,घटवा,अकोढ़ा,सेहरा, कौंधियारा आदि क्षेत्र में लगातार अवैध अस्पताल और क्लीनिक खोले जा रहे हैं। क्षेत्र के मेडिकल संचालक भी अवैध रूप से अस्पताल और क्लिनिक बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित कर रहे हैं। यह लोग बेखौफ होकर मरीजों का इलाज कर रहे हैं। क्षेत्र के अधिकतर मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के धड़ले से संचालित हैं।

बिना किसी चिकित्सा डिग्री व बगैर रजिस्ट्रेशन के मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे झोलाछापों के विरुद्ध क्षेत्रीय लोगों ने कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र के समर सोनकर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की मिली भगत से ही इन अवैध अस्पतालों का संचालन हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग से सेटिंग करके इन अवैध अस्पतालों का संचालन हो रहा है।

करछना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डां केबी सिंह ने कहा कि समय-समय पर अवैध अस्पतालों की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाती है। जल्द ही अवैध क्लीनिक, अस्पताल, मेडिकल स्टोर की जांच की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: SDM की अगुवाई में मकानों पर गरजा बुलडोजर, बिना मुआवजा व नोटिस ढहा दिए गए लोगों के आशियाने

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।