प्रयागराज के रास्ते दिल्ली-हावड़ा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, तैयारी शुरू; लंबी वेटिंग लिस्ट से परेशान यात्रियों को मिलेगी राहत
रेलवे ने दिल्ली-हावड़ा के बीच प्रयागराज के रास्ते एक नई आरक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। तिथियां ...और पढ़ें

विशेष ट्रेन दिल्ली-हावड़ा के बीच प्रयागराज होकर चलेगी।
HighLights
नई आरक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का खाका तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजा प्रस्ताव
दोपहर 12.10 बजे प्रयागराज और अगले दिन सुबह 8:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। आगामी त्योहारों में ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट से परेशान यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने दिल्ली से हावड़ा के बीच एक नई आरक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का खाका तैयार कर रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा है। हरी झंडी मिलते ही यह ट्रेन नई दिल्ली से रवाना होगी।
1443 किमी सफर तय करेगी ट्रेन
यह स्पेशल एक्सप्रेस कुल 1,443 किलोमीटर का सफर तय करेगी। दिल्ली (गाड़ी संख्या 04092) से रात 12:30 बजे खुलकर यह दोपहर 12.10 बजे प्रयागराज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, गया, धनबाद और आसनसोल होते हुए अगले दिन सुबह 8:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
ट्रेन की तिथियां इसी सप्ताह जारी होंगी
वहीं, वापसी में हावड़ा (04091) से यह सुबह 10:50 बजे चलेगी और अगले दिन तड़के 3.05 बजे प्रयागराज व दोपहर दिल्ली पहुंचेगी। दिल्ली से इसे शनिवार को और हावड़ा से रविवार को चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। तिथियां भी इसी सप्ताह जारी हो जाएंगी।
इन स्टेशनों पर होगा स्पेशल ट्रेन का ठहराव
इस ट्रेन का ठहराव भभुआ रोड, गुरारू, अनुग्रह नारायण रोड और हजारीबाग रोड जैसे छोटे स्टेशनों पर भी रखा गया है, जिससे ग्रामीण व कस्बाई इलाकों के प्रवासियों को सीधे अपने घर पहुंचने में आसानी होगी। पूरी तरह आरक्षित इस ट्रेन से यूपी, बिहार और झारखंड के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
