प्रयागराज में CBI का बड़ा एक्शन, रेलवे के दो अधिकारी 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
सीबीआई ने प्रयागराज में उत्तर मध्य रेलवे के डीआरएम कार्यालय में छापा मारा। सहायक कार्मिक अधिकारी (एपीओ) और कार्यालय अधीक्षक ...और पढ़ें

सीबीआई की छापेमारी के बाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के बाहर पसरा सन्नाटा। जागरण
HighLights
सीबीआई ने प्रयागराज डीआरएम कार्यालय में रिश्वत लेते दो अधिकारी पकड़े।
लोको पायलट तबादले हेतु 50 हजार रुपये की रिश्वत ली।
केमिकल नोटों से घूसखोरी उजागर, दस्तावेज जब्त, आज कोर्ट में पेशी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एंटी करप्शन विंग ने गुरुवार देर शाम उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के प्रयागराज मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक कार्मिक अधिकारी (एपीओ) और कार्यालय अधीक्षक (ओएस) को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह घूस एक लोको पायलट के स्थानांतरण आदेश जारी करने के एवज में ली जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, कानपुर में तैनात एक लोको पायलट लंबे समय से अपने तबादले के प्रयास में था। आरोप है कि कार्मिक विभाग के अधिकारी इस फाइल को अनावश्यक रूप से दबाए हुए थे और ट्रांसफर की मंजूरी के बदले 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे। प्रताड़ना से परेशान होकर लोको पायलट ने मामले की शिकायत सीबीआई की लखनऊ स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा में दर्ज कराई।

सीबीआई की टीम आरोपियों को लेकर लखनऊ रवाना हो गई। जागरण
सीबीआई ने गोपनीय सत्यापन के बाद योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। गुरुवार शाम शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम देने मंडल कार्यालय स्थित कार्मिक विभाग के कक्ष में पहुंचा। जैसे ही केमिकल लगे नोटों की गड्डी अधिकारियों को सौंपी गई, पहले से सतर्क सीबीआई टीम ने दबिश देकर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। हाथ धुलवाते ही नोटों पर लगा रसायन स्पष्ट हो गया, जिससे घूस लेने की पुष्टि हुई।
यह भी पढ़ें- गन्ना आवंटन विवाद पर इलाहाबाद हाईकोर्ट नाराज, चीनी मिलों को लेकर गन्ना आयुक्त को दिए सख्त आदेश
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम ने देर रात तक संबंधित कार्यालय में गहन छानबीन की और तबादले से जुड़े अभिलेखों व कंप्यूटर डेटा को जब्त कर लिया। इस औचक कार्रवाई से डीआरएम दफ्तर में खलबली मच गई। उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी डा. अमित मालवीय ने घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है। जांच एजेंसी शुक्रवार को दोनों आरोपियों को विशेष सीबीआई अदालत में पेश करेगी।
