विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बनारस-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत का इस दिन से होगा नियमित संचालन, देखें पूरा शेड्यूल

Published: Sat, 31 Oct 2026 10:08 PM (IST)

बनारस-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 2 नवंबर से शुरू होगा, जबकि बनारस-रामबाग मेमू ट्रेन 1 नवंबर से चलेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. स्लीपर वंदे भारत 2 नवंबर से नियमित चलेगी।

  2. बनारस-रामबाग मेमू 1 नवंबर से शुरू।

  3. प्रयागराज में वंदे भारत का भव्य स्वागत।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बनारस से रामबाग के लिए मेमू का संचालन एक नवंबर से और नई दिल्ली के बीच चलने वाली प्रदेश की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का दो नवंबर से नियमित संचालन शुरू होगा।

शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बनारस स्टेशन से उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। शाम 6:53 बजे ट्रेन के प्रयागराज जंक्शन पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने भव्य स्वागत किया और अगले गंतव्य के लिए रवाना किया।

130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली इस अत्याधुनिक स्लीपर ट्रेन के लोको पायलट प्रयागराज के मोहम्मद अरशद खान और असिस्टेंट लोको पायलट दीपक मिश्रा रहे। अरशद 2018 में पहली वंदे भारत भी चला चुके हैं। ट्रेन मैनेजर की जिम्मेदारी अरविंद तिवारी ने संभाली, जो शहर से गुजरने वाली सभी वंदे भारत ट्रेनों के संचालन का अनूठा रिकॉर्ड बना चुके हैं।

कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद ठहराव वाली यह ट्रेन प्रतियोगी छात्रों, कारोबारियों और नौकरीपेशा वर्ग को रात के आरामदायक सफर के साथ अगली सुबह दिल्ली पहुंचाएगी।

पूर्वोत्तर रेलवे ने प्रयागराज-वाराणसी रूट के दैनिक यात्रियों को राहत देते हुए रविवार (एक नवंबर) से नई मेमू ट्रेनों के नियमित संचालन की घोषणा की है। बनारस–प्रयागराज रामबाग (65123/65124) सुबह सात बजे चलकर 9:50 बजे रामबाग पहुंचेगी और शाम छह बजे लौटेगी।

वहीं औंड़िहार–रामबाग (65111/65112) तड़के 4:15 बजे चलकर सुबह 9:05 बजे पहुंचेगी। इसके अलावा वाराणसी सिटी-राजातालाब के बीच चार जोड़ी मेमू चलेंगी। सड़क के जाम और महंगे किराए से राहत देते हुए बनारस से रामबाग का मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) मात्र 220 रुपये तय किया गया है।

रामबाग से शुरू हुई मेमू की कमान बलिया के लोको पायलट मनोज कुमार श्रीवास्तव और एएलपी अनामिका श्रीवास्तव ने संभाली। उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने मुंबई दुरंतो को सातों दिन चलाने व अहमदाबाद एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने, प्रयाग के सभी स्टेशन को उत्तर मध्य रेलवे में शामिल करने की मांग भी रखी।

वहीं, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने रेलवे के बदलाव की तस्वीर खींची। इस दौरान विधायक दीपक पटेल महापौर गणेश केसरवानी, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी मौजूद रहे। डीआरएम रजनीश अग्रवाल व सीनियर डीसीएम हरिमोहन ने स्वागत किया।

यह भी पढ़ें- वाराणसी-दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत का शुभारंभ, PM मोदी बोले- ऐतिहासिक है आज का दिन



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।