माफिया अतीक की एक और बेनामी प्रापर्टी का पता चला, गैंग्सटर एक्ट में होगी कुर्क; पुलिस जांच शुरू
माफिया अतीक अहमद की एक और बेनामी संपत्ति प्रयागराज के पीपलगांव में चिह्नित की गई है, जिसे गैंगस्टर एक्ट के ...और पढ़ें

माफिया अतीक अहमद की फाइल फोटो।
HighLights
पूर्व में भी बेनामी संपत्ति जब्त कर चुकी है पुलिस
आइएस-227 गैंग का सरगना था माफिया अतीक
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इंटर स्टेट (आइएस)-227 गैंग के सरगना माफिया अतीक अहमद की एक और बेनामी प्रापर्टी चिह्नित हुई है। अब पुलिस उसकी जांच राजस्व विभाग की टीम से साथ मिलकर कर रही है। जांच पूरी होने पर पत्रावली तैयार करते हुए गैंग्सटर एक्ट के तहत संपत्ति को कुर्क की जाएगी। इससे पहले हुबलाल और मदनलाल के नाम पर बनाई गई बेनामी संपत्ति को पुलिस की ओर से जब्त करने की कार्रवाई की जा चुकी है।
पीपलगांव में है जमीन, चोरी छिपे की जा रही बिक्री
बताया गया है कि माफिया अतीक ने चकनिरातुल चौफटका निवासी एक अनूसूचित जाति के व्यक्ति के नाम पर कई साल पहले लाखों रुपये की जमीन खरीदी गई थी। वह संपत्ति पीपलगांव में है। उस जमीन का कुछ हिस्सा अतीक के ही गुर्गे चोरी-छिपे बेच रहे हैं। इस अवैध बिक्री में अतीक के कुछ रिश्तेदार भी शामिल हैं, जो पुलिस-प्रशासन को गुमराह करते हैं।
करोड़ों की बेनामी संपत्ति गरीब के नाम पर खरीदी गई
हाल ही में पुलिस अधिकारियों को इसके संबंध में लिखित शिकायत मिली। तब मामले की जांच शुरू कराई गई। शुरुआती छानबीन में पता चला कि माफिया अतीक की पीपलगांव में एक और बेनामी संपत्ति है, जिसकी मौजूदा कीमत करोड़ों रुपये है। वह जमीन जिस व्यक्ति के नाम पर खरीदी गई है, वह बेहद गरीब है। अब पुलिस उसकी आय के स्रोत, इनकम टैक्स रिटर्न, परिवार की स्थिति सहित दूसरे बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है।
कुर्क की जाएगी बेनामी संपत्ति
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बेनामी संपत्ति के संबंध में बयान भी अंकित किया जाएगा और अभिलेखों की जांच राजस्व विभाग से कराई जाएगी। उसके बाद गैंग्सटर एक्ट के तहत कुर्क करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
