कौशांबी में पुलिस और बदमाश आमने-सामने, दोनों तरफ से फायरिंग : चैन स्नेचर के पैर में लगी गोली
कौशांबी में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक चेन स्नेचर फैजान को गिरफ्तार किया गया, जिसके पैर में गोली लगी। पुलिस ...और पढ़ें

कौशांबी के कोखराज में पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश फैजान। सौ. पुलिस मीडिया सेल
HighLights
कोखराज में पुलिस मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार, साथी की तलाश
बदमाश के कब्जे से लूटी गई चेन, तमंचा-कारतूस व बाइक बरामद
जागरण संवाददाता, कौशांबी। कोखराज क्षेत्र के सिंधिया में महिला के गले से चेन छीनने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में आरोपित के पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, लूटी गई चेन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। घायल बदमाश जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके साथी की पुलिस तलाश कर रही है।
10 अगस्त को महिला की लूटी थी चेन
शुक्रवार को एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने घटना का राजफाश करते हुए बताया कि 10 अगस्त को काली माता मंदिर सिंधिया निवासी स्नेहलता मिश्रा पत्नी संत कुमार मिश्रा रसूलपुर तिराहा की ओर जा रही थीं। द्विवेदी गेस्ट हाउस बैरहना तिराहा के पास पीछे से बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से पीली धातु की चेन खींच ली थी। मामले में कोखराज थाने में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस टीम ने घेरा तो बदमाश ने की फायरिंग
सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की मदद से ट्रेस हुए बदमाशों की पुलिस गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी। 13 अगस्त की रात गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने जिल्लापर पुल के नीचे नौढिया मार्ग पर बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, युवक कच्ची सड़क की ओर बाइक मोड़कर भागने लगा और फिसलकर गिर गया। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
फरार बदमाश की पुलिस कर रही तलाश
पकड़े गए युवक की पहचान फैजान पुत्र स्वर्गीय कमालुद्दीन निवासी नई बस्ती, भारतगंज, थाना मांडा, प्रयागराज के रूप में हुई है। वर्तमान में वह मुंडेरा, धूमनगंज स्थित गुरु कृपा भोजनालय में रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखे, छीनी गई चेन और बाइक बरामद की। बदमाश ने अपने साथी की मदद से मंझनपुर इलाके में मोबाइल छिनैती की भी घटना स्वीकार किया है । पुलिस आरोपित के फरार साथी की तलाश कर रही है ।
