ARP की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित: प्रयागराज में 40 अभ्यर्थी सफल; साक्षात्कार की तिथि होगी घोषित
प्रयागराज में एआरपी (एकेडेमिक रिसोर्स पर्सन) के 25 रिक्त पदों के लिए 11 सितंबर को हुई लिखित परीक्षा का परिणाम ...और पढ़ें

एआरपी की लिखित परीक्षा में 40 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
HighLights
25 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 11 सितंबर को कराई गई थी परीक्षा
उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार की तारीख अलग से जारी होगी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। जिले के 16 ब्लाक संसाधन केंद्र और एक नगर संसाधन केंद्र में एआरपी यानी एकेडेमिक रिसोर्स पर्सन के 25 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 11 सितंबर को कराई गई परीक्षा का परिणाम जारी हो गया है। उत्तीर्ण 40 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा।
यह परीक्षा जिला बेसिक शिक्षा विभाग ने कराई थी और अभ्यर्थियों की कापियों का मूल्यांकन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के द्वारा किया गया था। मूल्यांकन पूरा होने के बाद सोमवार को अर्ह और अनर्ह अभ्यर्थियों की सूची कार्यालय के बाहर चस्पा कर दी गई। उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तारीख अलग से जारी होगी।
परीक्षा में विभिन्न परिषदीय स्कूलों के सहायक अध्यापक शामिल हुए थे। बेसिक शिक्षा विभाग ने रिक्त 25 पदों के सापेक्ष भर्ती 84 अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए अर्ह पाया था। हालांकि इससे पहले बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से यह बताया गया था कि कुल 82 अभ्यर्थी अर्ह पाए गए हैं।
फिलहाल इन 84 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा दी जिसमें 40 को उत्तीर्ण पाया गया। 44 अभ्यर्थी मानक के अनुसार प्राप्तांक तक नहीं पहुंच सके। उत्तीर्ण हुए 40 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होना है इसके लिए एक कमेटी बनाई जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने बताया है कि परिणाम जारी हुआ है। दो अभ्यर्थियों के बढ़ जाने की बात है तो इसमें एक अभ्यर्थी की पूर्व में जांच चल रही थी जिस आधार पर शामिल नहीं किया गया था। बाद में अभिलेख देखने पर पता चला कि जांच पूरी हो चुकी है इसलिये उसे अभ्यर्थियों में शामिल कर लिया गया। एक अभ्यर्थी को बाद में मांगे गए आवेदन के आधार पर शामिल किया गया था।
