विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इलाहाबाद विश्वविद्यालय को पहली बार 1.08 लाख की पोस्ट-डाक्टोरल फेलोशिप, चयनित शोधार्थी को मिलेगी प्रतिमाह

By Mritunjay Mishra Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 12 Sep 2026 08:14 PM (IST)

इलाहाबाद विश्वविद्यालय को पहली बार विश्वेश्वरैया पीएचडी योजना फेज-2 के तहत 1.08 लाख रुपये प्रतिमाह की पोस्ट-डाक्टोरल फेलोशिप मिली है।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय।

HighLights

  1. 2.10 लाख यात्रा सहायता व एक लाख रुपये वार्षिक रिसर्च कंटिजेंसी भी मिलेगी

  2. विश्वेश्वरैया पीएचडी योजना फेज-2 के तहत पोस्ट-डाक्टोरल फेलोशिप मिली है

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय को इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के डिजिटल इंडिया कारपोरेशन की विश्वेश्वरैया पीएचडी योजना फेज-2 के तहत पहली बार पोस्ट-डाक्टोरल फेलोशिप मिली है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए फेलोशिप स्वीकृत हुई है।

यात्रा सहायता व रिसर्च कंटिजेंसी भी मिलेगी 

इसमें चयनित शोधार्थी को 1.08 लाख रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इसके साथ 2.10 लाख रुपये यात्रा सहायता और एक लाख रुपये वार्षिक रिसर्च कंटिजेंसी भी मिलेगी। योजना के नोडल अधिकारी डॉ. नीलेश आनंद ने बताया कि फेलोशिप अत्याधुनिक शोध को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

विश्वविद्यालय जल्द विज्ञापन जारी करेगा

पीआरओ प्रो. जया कपूर ने बताया कि चयन के लिए विश्वविद्यालय जल्द विज्ञापन जारी करेगा। फेलोशिप की अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है। फेलोशिप के तहत चयनित शोधार्थी सेमीकंडक्टर तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग से जुड़े अनुप्रयोग-आधारित शोध पर काम करेगा। उन्होंने बताया कि पोस्ट-डाक्टोरल फेलोशिप के लिए उपयुक्त शोधार्थी के चयन के संबंध में विश्वविद्यालय जल्द ही विस्तृत विज्ञापन जारी करेगा।

एनसीसी भर्ती शुरू, 15 सितंबर तक आवेदन

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 के लिए एनसीसी भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय की एक यूपी नेवल यूनिट एनसीसी में तीन वर्षीय नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों से आवेदन मांगे गए हैं। विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का मौका दिया गया है।

नवप्रवेशी विद्यार्थी करें आवेदन 

चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के प्रथम सेमेस्टर में नवप्रवेशी विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के द्वितीय वर्ष तथा पांच वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थी भी भर्ती के लिए पात्र होंगे। इच्छुक विद्यार्थी आवेदन पत्र केंद्रीय पुस्तकालय के सामने स्थित अंग्रेजी विभाग से प्राप्त कर सकते हैं।

15 सितंबर तक करें आवेदन 

आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर को दोपहर दो बजे तक है। एनसीसी में चयन के लिए विद्यार्थियों को कई चरणों से गुजरना होगा। 18 सितंबर को सुबह सात बजे से विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय स्थित फुटबाल मैदान में चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसमें लिखित परीक्षा, शारीरिक स्क्रीनिंग और दस्तावेज सत्यापन शामिल होगा। अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए खेल पोशाक और स्पोर्ट्स जूते पहनकर पहुंचना होगा। सुबह सात बजे रिपोर्टिंग होने के कारण अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के 30 हजार युवाओं के लिए नौकरी का अवसर, लगेगा मेगा रोजगार मेला; 100 कंपनियां देंगी जॉब

यह भी पढ़ें- समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने को विद्यार्थी जल्द करें आवेदन, अंतिम तिथि 21 सितंबर