अब इत्र में मिलावट पकड़ेगा AI, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के साइंटिस्ट ने विकसित किया विशेष एल्गोरिदम
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने इत्र और सुगंधित तेलों में मिलावट का पता लगाने के लिए रमन स्पेक्ट्रोस्कोपी और मशीन लर्निंग पर आधारित एक विशेष एआई एल्गोरिदम विकसित किया है।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग की प्रयोगशाला में कार्य करते प्रोफेसर केएन उत्तम।
HighLights
इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने इत्र में मिलावट पकड़ने को एआई विकसित किया।
रमन स्पेक्ट्रोस्कोपी और मशीन लर्निंग से शुद्धता की जांच होगी।
भविष्य में खाद्य तेलों और ईंधन में भी मिलावट जांचेगा।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। खुशबू वही, कीमत भी आकर्षक, लेकिन इत्र में इस्तेमाल तेल असली है या उसमें सस्ते तेल और रसायनों की मिलावट है, इसका पता अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) लगाएगा। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के विज्ञानी प्रो. केएन उत्तम ने रमन स्पेक्ट्रोस्कोपी और मशीन लर्निंग की मदद से विशेष एआई एल्गोरिदम विकसित किया है। इससे सुगंधित तेलों की वास्तविक रासायनिक संरचना का विश्लेषण कर उनकी शुद्धता और प्रमाणिकता जांची जा सकेगी। इसका पेटेंट प्रक्रिया में है और प्रयोगशाला में इसके परिणाम उत्साहजनक रहे हैं।
इस शोध को प्रो. केएन उत्तम ने शोध छात्रा सृष्टि शर्मा और डॉ. श्वेता शर्मा के साथ मिलकर विकसित किया है। इसकी वैज्ञानिक उपयोगिता को देखते हुए तीन से पांच दिसंबर तक बीएचयू वाराणसी में आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी के 96वें वार्षिक सत्र की राष्ट्रीय संगोष्ठी में प्रस्तुति के लिए चुना गया है।

प्रो. उत्तम के अनुसार बाजार में महंगे प्राकृतिक सुगंधित तेलों की लागत घटाने के लिए उनमें मूंगफली समेत अन्य कई सस्ते खाद्य तेल, विलायक और कृत्रिम सुगंधित रसायन मिलाए जाते हैं। यूकेलिप्टस और लेमनग्रास (सिट्रोनेला) जैसे आवश्यक तेलों में ऐसी मिलावट के उदाहरण हैं। कई बार तिल सहित दूसरे वाहक तेलों का भी इस्तेमाल होता है।
मिलावट के बावजूद उत्पाद की खुशबू लगभग वैसी ही रहती है, इसलिए उपभोक्ता के लिए सूंघकर असलियत पहचानना मुश्किल होता है। प्रो. उत्तम बताते हैं कि रमन स्पेक्ट्रोस्कोपी में प्रत्येक रासायनिक पदार्थ का अपना विशिष्ट स्पेक्ट्रल पैटर्न होता है। किसी तेल में दूसरा पदार्थ मिलाने पर इस पैटर्न में बदलाव आता है। मशीन लर्निंग एल्गोरिदम इन पैटर्न का विश्लेषण कर शुद्ध और मिलावटी तेल के बीच अंतर पहचानता है। इसकी खासियत है कि नमूनों के परीक्षण में न्यूनतम प्रसंस्करण की जरूरत पड़ती है।
लेमनग्रास तेल की शुद्धता पर विशेष अध्ययन
शोध में लेमन ग्रास तेल को भी महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है। जिसका उपयोग सुगंधित उत्पादों से लेकर कीट निरोधक और सौंदर्य प्रसाधनों तक में होता है। इसकी नींबू जैसी ताजा खुशबू के कारण बाजार में इसकी अच्छी मांग है।
इस तेल का इस्तेमाल मच्छरों और दूसरे कीटों को दूर रखने वाले स्प्रे, लोशन और सुगंधित मोमबत्तियों में किया जाता है। इसके अलावा साबुन, डिटर्जेंट, कॉस्मेटिक और अरोमा उत्पादों में भी इसका व्यापक उपयोग होता है। कुछ उत्पादों में इसे वाहक तेलों के साथ मिलाकर त्वचा पर लगाने और मालिश के लिए तैयार किया जाता है।
हाथ में होगा मिलावट जांचने वाला उपकरण
शोध का अगला लक्ष्य कन्फोकल माइक्रो-रमन सेंसर आधारित छोटा और पोर्टेबल उपकरण विकसित करना है। इससे इत्र निर्माता, गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशालाएं और जांच एजेंसियां मौके पर ही नमूनों की शुद्धता जांच सकेंगी। इस शोध की संभावनाएं इत्र और सुगंधित तेलों तक सीमित नहीं हैं।
शोधकर्ताओं की योजना इसी सिद्धांत के आधार पर खाद्य तेलों और ईंधन में मिलावट की पहचान के लिए अलग-अलग एआइ एल्गोरिदम विकसित करने की है। इसके बाद इन एल्गोरिदम को भी पोर्टेबल सेंसर तकनीक से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।