43 साल पुराने मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने खारिज की अपील, तीनों दोषियों को 10 दिन में सरेंडर का आदेश
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 43 साल पुराने हत्या मामले में दोषियों की अपील खारिज कर दी, साक्ष्यों की अनदेखी को न्याय का मजाक बताया।

इलाहाबाद हाई कोर्ट। (फाइल फोटो)
HighLights
43 साल पुराने हत्या मामले में हाई कोर्ट ने सजा बरकरार रखी।
साक्ष्यों की अनदेखी न्याय का मजाक, दोषियों को समर्पण का आदेश।
किरायेदारी विवाद, द्वितीय अपील पर हाई कोर्ट ने दिए अहम निर्णय।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र में हुई हत्या के 43 साल पुराने मामले में सजा के खिलाफ दायर अपील खारिज कर दी।
न्यायमूर्ति संतोष राय की एकलपीठ ने कहा कि साक्ष्यों की अनदेखी न्याय व्यवस्था से मजाक है। कोर्ट ने बाबूलाल, रामदास और रामलाल को 10 दिन में समर्पण करने का आदेश दिया।
सत्र न्यायालय ने 24 अगस्त 1984 को सजा सुनाई थी, जिसे हाई कोर्ट ने बरकरार रखा। अपील लंबित रहने के दौरान सह-अभियुक्त घसीटा की मृत्यु हो गई थी, इसलिए उसके खिलाफ अपील समाप्त मानी गई।
मामला 15 फरवरी 1983 का है। एफआईआर के अनुसार, अभियुक्तों ने सुबह करीब 10 बजे विवादित भूमि पर भवन की नींव खोदनी शुरू की। शिकायतकर्ता चुन्कू और उसके परिजनों ने उन्हें रोका तो अभियुक्तों ने लाठियों से हमला कर दिया।
इसमें भदौवा के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मृत्यु हो गई। चुन्कू और टिटुली भी घायल हुए। ट्रायल कोर्ट ने हत्या के आरोप के बजाय धारा 325 में पांच वर्ष और धारा 323 में छह-छह माह के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। हाई कोर्ट ने घायल गवाह चुन्कू की गवाही, तत्काल दर्ज एफआईआर और चिकित्सकीय साक्ष्यों को विश्वसनीय माना।
कहा कि अभियुक्तों की चोटों का स्पष्टीकरण न देना अभियोजन पक्ष के मामले को संदिग्ध नहीं बनाता। 60 वर्ष से अधिक उम्र के आधार पर प्रोबेशन की मांग भी ठुकरा दी गई, क्योंकि इस घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई थी।
कोर्ट ने कहा कि मृतक के सिर की पार्श्विका और कनपटी की हड्डियां टूटी थीं। ऐसे में अधीनस्थ अदालत को कम से कम धारा 304 आइपीसी में दोषसिद्धि करनी चाहिए थी।
साक्ष्यों के मूल्यांकन में तत्कालीन पीठासीन अधिकारी की चूक को न्यायिक दायित्व में गंभीर लापरवाही बताया गया। हालांकि राज्य या पीड़ित पक्ष की ओर से सजा बढ़ाने की अपील नहीं हुई थी और चार दशक से अधिक समय बीत चुका था, इसलिए सजा बढ़ाने से इन्कार कर दिया गया।
मुकदमे के अंतिम चरण में लिखित कथन में संशोधन की अनुमति नहीं : हाई कोर्ट
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कानपुर नगर के किरायेदारी विवाद में लिखित कथन में संशोधन की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है।
न्यायमूर्ति डॉ. योगेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की एकलपीठ ने गोपी किशन खंडेलवाल की याचिका पर फैसला सुनाते हुए कहा है कि मुकदमे के अंतिम चरण में लिखित कथन में संशोधन की अनुमति नहीं दी जा सकती।
तथ्य ये हैं कि अर्चना त्रिपाठी ने 2020 में स्माल काज कोर्ट में किरायेदार गोपी किशन खंडेलवाल के खिलाफ बेदखली, बकाया किराये और हर्जाने का वाद दायर किया था।
वह 10 नवंबर 2010 की वसीयत के आधार पर मकान मालकिन होने का दावा करती हैं। वाद अंतिम बहस के चरण में पहुंचने पर किरायेदार ने 15 सितंबर 2025 को संशोधन प्रार्थना पत्र देकर नया तर्क जोड़ने की मांग की।
उनका कहना था कि नगर निगम के प्रस्ताव से संपत्ति का बंटवारा हो चुका है और किरायेदारी भी बंट गई है। इसलिए कृष्णा त्रिपाठी को पक्षकार बनाए बिना वाद पोषणीय नहीं है।
अदालत ने यह मांग ठुकरा दी थी, जिसे हाई कोर्ट में चुनौती दी गई। एकलपीठ ने कहा कि सिविल प्रक्रिया संहिता के आदेश 6 नियम 17 के परंतुक के अनुसार, विचारण शुरू होने के बाद संशोधन तभी मिल सकता है, जब पक्षकार साबित करे कि समुचित तत्परता के बावजूद वह मुद्दा पहले नहीं उठा सकता था।
संपत्ति का बंटवारा वाद दायर होने से पहले हुआ था, फिर भी लिखित कथन में इसका उल्लेख नहीं किया गया। अगस्त 2025 में जानकारी मिलने का दावा भी ठोस ब्योरे के बिना किया गया।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि संशोधन प्रतिवादी की ओर से हो, नया बचाव हो या दूसरे पक्ष को नुकसान न हो, ये बातें समुचित तत्परता की शर्त का विकल्प नहीं हैं।
फैसला केवल संशोधन की अनुमति तक सीमित है और स्वामित्व या किरायेदारी के गुण-दोष पर कोई राय नहीं है। अधीनस्थ अदालत को तीन माह में वाद निपटाने का प्रयास करने का निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़ें- वाद बिंदु तय किए बिना अपील मंजूर करना गलत, इलाहाबाद हाई कोर्ट का महत्वपूर्ण निर्णय; नए सिरे से सुनवाई का निर्देश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।