'मेडिकल और नर्सिंग कॉलेजों में नियमित नियुक्तियों की खराब हालत अंतरात्मा को झकझोरने वाली'; इलाहाबाद HC की अहम टिप्पणी
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश के राजकीय मेडिकल व नर्सिंग कॉलेजों में नियमित नियुक्तियों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई है।

इलाहाबाद हाई कोर्ट (फाइल फोटो)
HighLights
HC ने नियमित नियुक्तियों की खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की।
UPPSC सिफारिशें पारदर्शिता रिपोर्ट आने तक प्रभावी नहीं होंगी।
संविदा डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर भी कोर्ट ने सवाल उठाए।
विधि संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने प्रदेश के राजकीय मेडिकल व नर्सिंग कॉलेजों में नियमित नियुक्तियों की चौंकाने वाली स्थिति पर नाराजगी जताते हुए राज्य सरकार को अंतिम अवसर दिया है। आदेश दिया है कि यूपीपीएससी की सिफारिशों को तब तक प्रभावी न किया जाए, जब तक आयोग परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता व निष्पक्षता पर अपनी रिपोर्ट दाखिल नहीं कर देता।
कोर्ट ने कहा, कालेजों में प्रोफेसर के पद खाली हैं और विभाग एसोसिएट प्रोफेसर व संविदा कर्मियों के भरोसे चल रहे हैं। यह अदालत की अंतरात्मा को झकझोरने वाला है। न्यायमूर्ति सिद्धार्थ नंदन की पीठ ने श्रीनिवासन गांधी की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की।
कोर्ट ने कहा कि 24 अगस्त 2026 को ही मुख्य मुद्दा चिह्नित किया गया था कि 14 जून 2024 के शासनादेश से मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को संविदा नियुक्ति का अधिकार मिला है। एक संविदा कर्मी को हटाकर दूसरे संविदा कर्मी को रखने के लिए याचिकाएं आ रही हैं। असली वजह कालेजों में नियमित डॉक्टरों की नियुक्ति न होना है।
महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा के व्यक्तिगत शपथपत्र में बताया गया है कि पूरे प्रदेश में 500 से अधिक लोग संविदा पर कार्यरत हैं और मात्र 2-3 प्रतिशत पद पर ही नियमित हैं। करीब 25 प्रतिशत पदों पर कार्यवाहक प्राचार्य काम कर रहे हैं। इसी शपथपत्र में यह तथ्य भी है कि प्रोफेसर के कुल स्वीकृत 517 पदों में सीधी भर्ती के 108 पदों में सिर्फ 26 पर ही लोग कार्यरत हैं, बाकी खाली हैं।
35 पदों का अधियाचन भेजा गया है, 44 पद विज्ञापित हैं। कोर्ट को यह भी बताया गया कि संविदा डॉक्टरों को प्राइवेट प्रैक्टिस की छूट है, वे कालेज में कम और प्राइवेट प्रैक्टिस में ज्यादा रुचि लेते हैं। कोर्ट ने 30 जनवरी 2026 को अधिसूचित उत्तर प्रदेश विशेषज्ञ डॉक्टर और मेडिकल शिक्षक भर्ती बोर्ड के अब तक गठित न होने पर भी नाराजगी जताई। साथ ही अनुपालन शपथपत्र को अत्यंत अस्पष्ट और केवल ‘आइवाश’ बताया। इसमें कहा गया है कि विधानसभा सत्र में नहीं है, इसलिए अध्यादेश लाने का प्रारूप तैयार है, लेकिन समयसीमा नहीं बताई गई।
बोर्ड सदस्यों की नियुक्ति का मानदंड भी नहीं बताया गया। कोर्ट ने निर्देश दिया कि प्रतिवादी व्यक्तिगत शपथपत्र दाखिल कर बोर्ड गठन की समयसीमा बताएं और स्पष्ट करें कि क्या संविदा डॉक्टरों को प्राइवेट प्रैक्टिस की अनुमति है? ऐसा न करने पर उन्हें उपस्थित होना होगा। यूपीपीएससी के रवैये को भी कोर्ट ने लापरवाहीपूर्ण बताया।
पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीनेत्र को भी पक्षकार बनाने का निर्देश दिया, क्योंकि सिफारिशें उनके सेवानिवृत्ति से कुछ दिन पहले जारी हुईं। आयोग के इस तर्क को कोर्ट ने आश्चर्यजनक बताया कि 2021 में भेजा गया अधियाचन अब इसलिए नहीं माना जाएगा, क्योंकि अब केवल ई-अधियाचन ही स्वीकार होंगे। कोर्ट ने कहा,आयोग को बताना होगा कि यह शासनादेश भूतलक्षीय है अथवा भविष्यलक्षीय। प्रकरण में अगली सुनवाई आठ दिसंबर को होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।