विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इलाहाबाद हाई कोर्ट का बड़ा आदेश: फिरोजाबाद के 5 हजार शिक्षकों के सर्टिफिकेट की फिर से होगी जांच

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:13 PM (IST)

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की जांच का आदेश दिया है।  

इलाहाबाद हाई कोर्ट। फोटो सौजन्य- आधिकारिक X हैंडल

इलाहाबाद हाई कोर्ट। फोटो सौजन्य- आधिकारिक X हैंडल

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने परिषदीय विद्यालयों में फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी पाने वालों की पहचान के लिए सभी शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच के आदेश दिए हैं।

जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में नौकरी करने वाले पांच हजार शिक्षकों के नियुक्ति पत्र और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की जांच होगी। यह शपथ पत्र भी जमा करना होगा कि उनका कोई स्वजन और अन्य सगे-संबंधी शिक्षा विभाग में अधिकारी नहीं हैं।

जिले के 1824 स्कूलों में पांच हजार शिक्षक कार्यरत हैं। फर्जी नियुक्तियों की जांच के लिए वर्ष 2018 में वर्ष 2011 से हुई भर्तियों के दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की गई थी। यहां भी अनेक शिक्षक संदेह के घेरे में आए, उनका मुकदमा हाई कोर्ट में चल रहा बताया गया है।

बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के शैक्षिक एवं नियुक्ति संबंधी अभिलेखों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया को लेकर शिक्षा निदेशक (बेसिक) द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं।

यह कार्रवाई इलाहाबाद हाई कोर्ट में कुसुमलता बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य मामले में 16 अक्टूबर को पारित आदेश के अनुपालन में की जा रही है। शिक्षकों को नियुक्ति पत्र, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीएड, बीटीसी, डीएलएड, बीएलएड आदि प्रशिक्षण संबंधी प्रमाणपत्र जमा करने होंगे।

टेट और सीटेट प्रमाण पत्र और नियुक्ति के समय आवश्यक अन्य योग्यता संबंधी दस्तावेज भी बीएसए कार्यालय में एक सप्ताह में जमा करने हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय प्राप्त अभिलेखों के आधार पर विवरणों की एक्सेल शीट तैयार करेगा। मामले की जांच स्पेशल टास्क फोर्स करेगी।

नोटरी शपथ पत्र भी देना होगा

शिक्षकों को नोटरी से सत्यापित शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसमें उत्तर प्रदेश के शिक्षा विभाग में बीएसए या उससे उच्च पद पर कार्यरत अथवा सेवानिवृत्त निकट संबंधियों का विवरण देना होगा। ऐसा कोई संबंधी नहीं होने की स्थिति में शपथ पत्र में इसका स्पष्ट उल्लेख करना होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।