'प्रेम संबंध बिगड़ने पर उसे अपराध बनाने की कोशिश चिंताजनक', इलाहाबाद HC की महत्वपूर्ण टिप्पणी; दुष्कर्म केस रद
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने तीन साल के सहमति से बने प्रेम संबंध के बाद शादी न होने पर दर्ज दुष्कर्म का केस रद्द कर दिया। कोर्ट ने कहा कि प्रेम संबंधों को अपराध बनाना चिंताजनक है, और झूठे वादे व वादा न निभा पाने में फर्क है।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय की फाइल फोटो।
HighLights
कानपुर निवासी व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया
आरोपित को नौकरी मिली व उसके पिता ने शादी से इन्कार किया तो प्राथमिकी दर्ज कराई
विधि संवाददाता, जागरण, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कानपुर निवासी उदित शुक्ला के खिलाफ दाखिल चार्जशीट को यह कहते हुए रद कर दिया है कि तीन साल तक सहमति से बने शारीरिक संबंधों वाली प्रेम-कहानी को महज इसलिए दुष्कर्म नहीं कहा जा सकता क्योंकि शादी नहीं हुई। न्यायमूर्ति विवेक कुमार सिंह की एकलपीठ ने यह आदेश दिया है।
पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी
पीड़िता ने आरोप लगाया था कि वर्ष 2021 से 2024 के बीच आरोपित ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। दोनों एक ही कोचिंग में पढ़ते थे। जब आरोपित को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में नौकरी मिली और उसके पिता ने शादी से इन्कार कर दिया तब पीड़िता ने दिसंबर 2024 में प्राथमिकी दर्ज कराई।
कोर्ट ने कहा- ‘टूटे रिश्ते का बदला’ प्रतीत होता है
हाई कोर्ट ने पाया कि पीड़िता की उम्र लगभग 28 वर्ष थी और वह एक समझदार वयस्क थी। तीन वर्षों तक उसने कोई शिकायत नहीं की। संबंध सहमति से बने थे, जिसकी पुष्टि फोटोग्राफ्स और गवाहों के बयान से हुई। स्वतंत्र गवाहों ने मारपीट और धमकी के आरोपों को झूठा बताया। इसलिए शादी न होने पर एफआइआर दर्ज करना ‘टूटे रिश्ते का बदला’ प्रतीत होता है।
अदालत ने पूरी आपराधिक कार्यवाही रद कर दी
कोर्ट ने कहा कि झूठा वादा और वादा न निभा पाना दोनों में फर्क होता है। अगर शुरू से ही धोखे की नीयत न हो तो शादी का वादा टूटना दुष्कर्म की श्रेणी में नहीं आता। सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों का हवाला देते हुए कोर्ट ने कहा कि प्रेम संबंधों को अपराध का रंग देने की बढ़ती प्रवृत्ति चिंताजनक है। अदालत ने मामले को ‘रेयरेस्ट ऑफ रेयर’ श्रेणी में रखते हुए पूरी आपराधिक कार्यवाही रद कर दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।