विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज के अर्बन मार्केट मामला: इलाहाबाद हाई कोर्ट ने नियुक्त किया एडवोकेट कमिश्नर, अगली सुनवाई 10 दिसंबर को

By Suresh pandey Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 27 Nov 2026 06:39 PM (GMT+05:30)

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने प्रयागराज के अर्बन मार्केट मामले में व्यावसायिक गतिविधियों की स्वतंत्र जांच के लिए एडवोकेट कमिश्नर नियुक्त किया है। अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय।

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने व्यावसायिक गतिविधियों की स्वतंत्र जांच कराने का आदेश दिया

  2. व्यावसायिक गतिविधियों से सरोजनी नायडू मार्ग को मुक्त करने की है मांग

विधि संवाददाता, जागरण, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अर्बन मार्केट से जुड़े मामले में व्यावसायिक गतिविधियों की स्वतंत्र जांच कराने का आदेश दिया है। न्यायमूर्ति अजित कुमार और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने अधिवक्ता कुणाल शाह को एडवोकेट कमिश्नर नियुक्त किया है। यह आदेश अरविंद कुमार मिश्रा व 34 अन्य की याचिका और उससे जुड़ी अन्य जनहित याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान दिया गया।

नगर निगम के अधिवक्ता ने और समय मांगा

कोर्ट ने कहा कि 18 नवंबर के विस्तृत आदेश में नगर निगम प्रयागराज को अर्बन मार्केट के निवेशकों के लिए वैकल्पिक स्थान तलाशने का निर्देश दिया गया था, ताकि सरोजिनी नायडू मार्ग व्यावसायिक गतिविधियों से पूरी तरह मुक्त हो सके। शुक्रवार को नगर निगम के वरिष्ठ अधिवक्ता एमसी चतुर्वेदी ने इस पर नए निर्देश प्राप्त करने के लिए और समय मांगा।

याची पक्ष के अधिवक्ता की दलील 

याची पक्ष के अधिवक्ता एके पांडेय ने दलील दी कि क्षेत्र में रोजाना गतिविधियां जारी हैं। इस पर खंडपीठ ने मामले में व्यापक जनहित को देखते हुए स्वतंत्र निरीक्षण को उचित माना। एडवोकेट कमिश्नर क्षेत्र का दौरा कर व्यावसायिक गतिविधियों का निरीक्षण करेंगे। उन्हें अर्बन मार्केट में आवंटित दुकानों के दुकानदारों से बातचीत करने और आवंटन संबंधी उनके विवरण का सत्यापन करने की भी अनुमति दी गई है।

कोर्ट का नगर निगम को निर्देश 

कोर्ट ने नगर निगम को निर्देश दिया है कि वह 48 घंटे के भीतर कमिश्नर की सहायता के लिए दो अधिकारी तथा निरीक्षण के लिए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए। जनहित को देखते हुए कमिश्नर यह कार्य निःशुल्क करेंगे और अगली तारीख पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

... तो नगर आयुक्त को कोर्ट में उपस्थित रहना होगा 

खंडपीठ ने संबद्ध मामले के याची के अधिवक्ता को अगली तारीख तक संशोधित याचिका दाखिल करने का भी निर्देश दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि अगली सुनवाई पर उचित निर्देश प्रस्तुत नहीं किए गए तो प्रयागराज के नगर आयुक्त को कोर्ट में उपस्थित रहना होगा। मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को दोपहर दो बजे होगी।

यह भी पढ़ें- विवाह की अवैधता से संतान के कानूनी अधिकार नहीं छीने जा सकते, CAT की इलाहाबाद बेंच का महत्वपूर्ण आदेश

यह भी पढ़ें- UPPCS प्री परीक्षा 2025 परिणाम रद, इलाहाबाद HC का बड़ा फैसला; मुख्य परीक्षा दोबारा कराने का निर्देश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।