विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें प्रयागराज होकर चलेंगी, समय सारिणी जारी; बंगाल झारखंड से राजस्थान का सफर होगा आसान

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 24 Oct 2026 01:43 PM (GMT+05:30)

दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें 26 अक्टूबर से सांतरागाछी/टाटानगर से खातीपुरा (जयपुर) के लिए प्रयागराज होकर चलेंगी। पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच यात्रा सुगम होगी।

दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें 26 अक्टूबर से प्रयागराज होकर चलेंगी(

दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें 26 अक्टूबर से प्रयागराज होकर चलेंगी(

HighLights

  1. 26 अक्टूबर से सांतरागाछी व टाटानगर से खातीपुरा (जयपुर) को रवाना होंगी स्पेशल ट्रेनें

  2. प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेनों के ठहराव होने से यहां से व्यापार व पर्यटन को सीधा विकल्प

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड और राजस्थान के बीच अंतरराज्जीय संपर्क को और मजबूत करने जा रहा है। इसके तहत दो नई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेन सेवाओं सांतरागाछी-खातीपुरा एवं टाटानगर-खातीपुरा की शुरुआत होगी। दोनों ही ट्रेनें पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और मीरजापुर होते हुए प्रयागराज जंक्शन पर ठहरेंगी और फिर कानपुर, आगरा के रास्ते राजस्थान के खातीपुरा (जयपुर) तक जाएंगी।

26 अक्टूबर से शुरू होगा ट्रेनों का संचालन

आगामी 26 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को दोनों गाड़ियों का उद्घाटन विशेष सेवा के रूप में संचालन किया जाएगा। इस नई सौगात से संगम नगरी के बाशिंदों को पूर्व भारत के औद्योगिक शहरों के साथ ही राजस्थान के प्रमुख केंद्रों तक सीधी और आरामदायक यात्रा का नया विकल्प मिल गया है।

इन ट्रेनों की समय सारिणी

रेल प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08061 सांतरागाछी–खातीपुरा उद्घाटन विशेष ट्रेन 26 अक्टूबर को दोपहर 2:00 बजे सांतरागाछी से प्रस्थान करेगी। खड़गपुर, टाटानगर, पुरुलिया, रांची, डाल्टनगंज, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और मिर्जापुर होते हुए यह ट्रेन अगले दिन सुबह 11:25 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। यहां 5 मिनट के ठहराव के बाद 11:30 बजे रवाना होकर फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, ईदगाह आगरा, बांदीकुई और दौसा के रास्ते रात 11:00 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। 22 कोच वाली इस ट्रेन में सामान्य, स्लीपर, एसी थ्री, एसी इकोनॉमी, एसी टू, एसी फर्स्ट तथा पैंट्री कार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

टाटानगर पहुंचना होगा आसान

वहीं दूसरी ट्रेन, गाड़ी संख्या 08181 टाटानगर–खातीपुरा उद्घाटन विशेष ट्रेन भी 26 अक्टूबर को दोपहर 2:00 बजे टाटानगर से रवाना होगी। चांडिल, पुरुलिया, मूरी, रांची, लोहरदगा, लातेहार, डाल्टनगंज और सासाराम के रास्ते यह ट्रेन अगले दिन सुबह 7:25 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। 5 मिनट के ठहराव के बाद सुबह 7:30 बजे प्रस्थान कर फतेहपुर, कानपुर, टूंडला और ईदगाह आगरा होते हुए रात 8:00 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। इस रैक में कुल 16 कोच शामिल किए गए हैं, जिनमें सामान्य, स्लीपर, एसी थ्री एवं एसी इकोनॉमी श्रेणी के डिब्बे रहेंगे।

प्रयागराज के यात्रियों को मिलेगा बेहतर विकल्प

प्रयागराज के दृष्टिकोण से यह दोनों ट्रेनें बेहद मुफीद साबित होंगी। प्रयागराज जंक्शन पर सुबह के वक्त इन ट्रेनों के आगमन से स्थानीय यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों और पर्यटकों को खातीपुरा व जयपुर की ओर जाने के लिए बेहतरीन समय मिल सकेगा। साथ ही झारखंड के रांची, डाल्टनगंज और बंगाल के टाटानगर व सांतरागाछी से प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं व यात्रियों को भी सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों उद्घाटन विशेष ट्रेनों के बाद नियमित संचालन की समय-सारिणी और तिथियों की घोषणा जल्द ही पृथक रूप से जारी की जाएगी।

यह भी पढ़ें- वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया प्रयागराज एक्सप्रेस के मुकाबले दोगुना होगा, टिकट बुकिंग की यात्रियों को प्रतीक्षा 

यह भी पढ़ें- सूबेदारगंज स्टेशन पर बनेंगे दो नए प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज का भी होगा निर्माण; यात्रियों को होगी सुविधा