प्रयागराज के 18 हजार गरीबों को मिलेगा पक्का घर, डेढ़ साल के इंतजार के बाद आया खुशी का मौका; जल्द जारी होगी पहली किस्त
प्रयागराज के ग्रामीण क्षेत्रों में डेढ़ साल के इंतजार के बाद 18,600 गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के ...और पढ़ें

काफी दिनों से पक्के घर की आस देख रहे 18600 गरीबों को पीएम आवास मिलेगा।
HighLights
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण योजना का शासन ने जारी किया लक्ष्य
गंगापार-यमुनापार के गरीबों को मिलेगा घर, 90000 पात्रों की थी सूची
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी के गरीबों के लिए खुशखबरी है। ऐसे लोग जो करीब डेढ़ साल से पक्के घर का सपना देख रहे थे, उनकी मंशा पूरी होगी। जनपद के गंगापार और यमुनापार स्थित ग्रामीण क्षेत्रों के गरीबों को पक्का घर मिलेगा। शासन इस वित्तीय वर्ष में 18600 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से लाभान्वित करेगी।
पोर्टल पर करीब डेढ़ लाख आवेदन आए
गंगापार व यमुनापार क्षेत्र में पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पिछले साल आवास प्लस पोर्टल पर करीब डेढ़ लाख आवेदन आए थे। इनमें से कुछ लोगों ने खुद सेल्फ सर्वे किया था तो कुछ के कच्चे घरों का कर्मचारियों से सर्वे कराया गया था। आनलाइन और आफलाइन कई स्तर की हुई जांच के बाद करीब 90 हजार आवेदक पात्र मिले थे। इनकी सूची कई महीने पहले तैयार हो गई थी। इंतजार था तो सिर्फ शासन से लक्ष्य निर्धारण का।
लाभार्थियों की शासन ने सूची जारी की
जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 18600 में से किस ब्लाक और किस ग्राम पंचायत को कितने आवास मिलेंगे, यह शासन स्तर से ही निर्धारित कर दिया गया है। लाभार्थियों की प्राथमिकता सूची शासन ने जारी की है।
जल्द मिलेगी लाभार्थियों को पहली किस्त
उन्होंने बताया कि इसी के तहत ब्लाकों से प्रस्ताव आ रहे हैं। अब तक करीब 1600 आवासों के प्रस्ताव आ चुके हैं। इन्हें जनपद स्तर से हरी झंडी मिल चुकी है। उम्मीद है कि जल्द इन लाभार्थियों को पहली किस्त मिल जाएगी। शेष पात्रों की कोई प्राथमिकता सूची अभी जारी नहीं हुई है।
