जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने 2027 चुनाव के लिए तीन प्रत्याशी घोषित किए, राजा भैया कुंडा से लड़ेंगे चुनाव
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए प्रतापगढ़ में तीन प्रत्याशियों की घोषणा की है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा भैया कुंडा से, विनोद सरोज बाबागंज से और कुलदीप पटेल विश्वनाथगंज से चुनाव लड़ेंगे।

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के विधान सभा 2027 चुनाव के तीन उम्मीदवार, बाएं से लाल कुर्ते में विनोद सरोज, कुलदीप पटेल, रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया, अक्षय प्रताप सिंह।
HighLights
प्रतापगढ़ के बाबागंज से विनोद सरोज और विश्वनाथगंज से मंडल प्रभारी कुलदीप पटेल को टिकट मिला
राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा भैया ने कहा- पार्टी नेतृत्व ने विचार-विमर्श के बाद तीनों सीटों पर प्रत्याशी तय किए हैं
संसू, जागरण, कुंडा (प्रतापगढ़)। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने प्रतापगढ़ में अपनी चुनावी तैयारी तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह ने गुरुवार को जिले की तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। इसमें कुंडा से खुद रघुराज प्रताप, बाबागंज से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विनोद सरोज और विश्वनाथगंज से पार्टी के लखनऊ मंडल के प्रभारी कुलदीप पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी नेतृत्व ने विचार-विमर्श के बाद तय किए प्रत्याशी
राजा भैया ने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने विचार-विमर्श के बाद तीनों सीटों पर प्रत्याशी तय किए हैं। इसके तहत कुंडा विधानसभा सीट से वह स्वयं चुनाव मैदान में उतरेंगे। बाबागंज से मौजूदा विधायक एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विनोद सरोज को प्रत्याशी बनाया गया है।
विश्वनाथगंज सीट से कुलदीप पटेल उम्मीदवार
विश्वनाथगंज सीट से पार्टी के लखनऊ मंडल के प्रभारी कुलदीप पटेल को उम्मीदवार घोषित किया गया है। कुलदीप पटेल की पत्नी माधुरी पटेल वर्तमान में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की ओर से प्रतापगढ़ की जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। कुलदीप परमेश्वर प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज मालाधर छत्ता के प्रधानाचार्य भी है। वह वर्ष 2010 में मालाधर छत्ता से क्षेत्र पंचायत सदस्य और 2015 में उसी ग्राम पंचायत से ग्राम प्रधान भी चुने जा चुके हैं।
विश्वनाथगंज सीट पर कुलदीप पटेल लड़ेंगे चुनाव
इसी तरह, विश्वनाथगंज सीट पर कुलदीप पटेल की उम्मीदवारी के साथ पार्टी ने संगठनात्मक जिम्मेदारी और जिला पंचायत नेतृत्व से जुड़े परिवार को विधानसभा चुनाव में भी आगे किया है। कुंडा विधानसभा क्षेत्र रघुराज का राजनीतिक गढ़ रहा है। वर्ष 1993 से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे रघुराज प्रताप सिंह सात बार विधायक चुने जा चुके हैं। बाबागंज से विनोद सरोज मौजूदा विधायक हैं।
वर्ष 2022 में कुंडा व बाबागंज सीटें जीती थी पार्टी
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने कुंडा और बाबागंज दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी। 2027 के चुनाव के लिए जिले की तीन सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर रघुराज ने पार्टी की शुरुआती चुनावी रणनीति स्पष्ट कर दी है। अब प्रतापगढ़ की अन्य विधानसभा सीटों पर पार्टी के अगले फैसले का इंतजार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।