विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजा भैया के कुंडा में आज धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा, आयोजन से पहले निकली भव्य कलश यात्रा

Published: Tue, 17 Nov 2026 11:25 AM (IST)

प्रतापगढ़ के कुंडा में 17 नवंबर से प्रभु राम की अमृतमय कथा शुरू हो रही है, जिसे बागेश्वर पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सुनाएंगे।

सोमवार को कुंडा में कलश यात्रा के दौरान कलश को प्रणाम करते पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया। जागरण

सोमवार को कुंडा में कलश यात्रा के दौरान कलश को प्रणाम करते पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया। जागरण

HighLights

  1. कुंडा में 17 नवंबर से धीरेंद्र शास्त्री की राम कथा।

  2. भव्य कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालु, भक्तिमय माहौल बना।

  3. सुरक्षा हेतु एक हजार पुलिसकर्मी, अग्निशमन दल तैनात।

जागरण संवाददाता, कुंडा (प्रतापगढ़)। प्रभु राम की अमृतमय कथा बेंती में 17 नवंबर से होगी। इसके लिए बड़े पैमाने पर तैयारी व सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। इसके पहले सोमवार को कलश यात्रा निकाली गई।

सैकड़ों वाहनों व श्रद्धालुओं से सजी यह यात्रा जिधर से भी गुजरी लोग हाथों व बुलडोजर से पुष्पवर्षा करके जयकारे लगाते नजर आए। मुख्य कलश का दर्शन करके श्रद्धालु आनंदित हो गए। अब मंगलवार से बागेश्वर पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दोपहर दो बजे से कथा की गंगा बहाएंगे।

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के संयोजन में हो रही राम कथा को लेकर कुंडा में भक्तिमय माहौल बन गया है। कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है।

कार्यक्रम की व्यापकता व भव्यता का संकेत सोमवार को निकली कलश यात्रा से ही मिल गया। कुंडा, बिहार, कालाकांकर और बाबागंज ब्लाक के साथ ही नगर पंचायत कुंडा, डेरवा, हीरागंज और मानिकपुर में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चनकर कलश यात्रा में सहभागिता की।

जय श्रीराम का उद्घोष होता रहा

जय श्रीराम और जय श्रीराधे के उद्घोष से वातावरण गूंजता रहा। सबसे आकर्षक और भव्य कलश कुंडा ब्लाक की यात्रा में देखने को मिला। आधा कुंतल से अधिक वजन का यह पीतल का कलश विशेष रूप से प्रयागराज के कारीगरों से तैयार कराया गया था।

इसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई। कलश की सुंदरता और नक्काशी देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। रास्ते में जहां भी कलश यात्रा पहुंची, लोगों की निगाहें इस भव्य कलश पर टिक गईं। इसका पूजन कार्यक्रम के आयोजक पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने किया।

C-459-1-ALH1092-515456

कुंडा और बिहार ब्लॉक की संयुक्त कलश यात्रा बिहार स्थित संत राज महाविद्यालय परिसर से ब्लाक प्रमुख पति संतोष सिंह की अगुवाई में निकाली गई। इस दौरान डॉ. केएन ओझा, जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व प्रमुख बबलू सिंह, बउवा तिवारी, ननकू सिंह, नरेंद्र सिंह, भीम यादव, शैलू तिवारी, पूर्व प्रधान दिनेश यादव, प्रधान बालू यादव और राजू तिवारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। बाबागंज ब्लाक की कलश यात्रा कनावां से निकाली गई।

इसकी अगुवाई कुंडा विधायक राजा भैया के छोटे बेटे बृजराज प्रताप सिंह ने की। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप पटेल और पूर्व प्रमुख हितेश प्रताप सिंह पंकज भी मौजूद रहे।

यात्रा में प्रधानों, जिला पंचायत सदस्य दिलीप पांडेय, कोटेदार संघ अध्यक्ष रमाशंकर तिवारी, सोनू सिंह, प्रेमशंकर यादव, राजू, मनोज सिंह, कुंवर साहब सिंह, आलोक सिंह समेत श्रद्धालु शामिल हुए। हीरागंज में मां नायर देवी मंदिर से निकली कलश यात्रा की अगुवाई विकास सिंह और व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद यादव ने की।

झम्मा नगर में डॉ. बीएल यादव और कमलेश यादव सहित बड़ी संख्या में लोगों ने स्वागत किया। नवाबगंज चौराहे पर प्रधानपति सुरेश यादव ने कुंवर शिवराज प्रताप सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत किया। परियावां में प्रधानपति अनिल मौर्य ने हनुमान मंदिर पर कलश यात्रा रोककर पूजन-अर्चन कराया।

बाबागंज विधायक विनोद सरोज, प्रकाश त्रिपाठी समेत मौजूद रहे। बाघराय में कलश यात्रा का संयोजन एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह ने किया। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व जिलाध्यक्ष जटाशंकर त्रिपाठी ने पूजन कराया। कलश यात्रा में 300 चारपहिया वाहनों के साथ 500 से अधिक बाइक सवार चल रहे थे।

कलश यात्रा करीब तीन किलोमीटर के दायरे में चल रही थी। हर कंठ पर जयकारे थे। वाहनों की अधिक संख्या और आगे निकलने की होड़ में कई वाहन आपस में टकराते रहे। सभी कलश कथा स्थल पर ले जाकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्थापित किए गए।

नारी शक्ति की जोरदार सहभागिता

गोतनी: श्रीराम कथा से पहले सोमवार को श्रद्धा और उत्साह के बीच निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं।

कई ने अपने मस्तक पर राम नाम लिखकर भक्ति और आस्था का अनूठा संदेश दिया। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के झंडे की छांव में निकली इस यात्रा में जय श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। भक्ति गीतों से लोगों का उत्साह बढ़ता रहा।

एक हजार पुलिस कर्मियों की तैनाती

कथा स्थल को सात जोन, नौ सेक्टर में बांटकर एक हजार पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। अग्निसुरक्षा का भी व्यापक प्रबंध किया गया है। पांच फायर टेंडर लगाए गए हैं। 50 फायरमैन 10 मेन प्वाइंट पर लगाए गए हैं। एक दमकल चित्रकूट व एक प्रयागराज से आई है।

जरूरी उपकरण भी रखे गए हैं। डीएम अभिषेक पांडेय व एसपी दीपक भूकर ने कथा स्थल का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि पार्किंग, चेकिंग, बैरियर का प्रबंध है। दो अस्थाई थाने बनाए गए हैं।

डेरवा बाजार में किया कलश पूजन

डेरवा : नगर पंचायत डेरवा बाजार में मां कुलदेवी धाम से कलश यात्रा निकाली गई। जनसत्ता दल के कार्यकर्ताओं द्वारा नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर बहादुर पटेल के नेतृत्व में कलश पूजन किया गया। कलश यात्रा पूरे नगर पंचायत का भ्रमण करते हुए बाबा भीटेश्वर नाथ धाम पहुंची, जहां पर भंडारे का कार्यक्रम किया गया।

यह भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में धीरेन्द्र शास्त्री की रामकथा पर बोले राजा भैया- अब देश भर में हो रही कुंडा और बाबागंज की पहचान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।