प्रतापगढ़ : प्राथमिक विद्यालय के तीन बच्चों ने टॉफी जैसी दिखने वाली अनजान वस्तु खा ली, तबीयत बिगड़ी; जिला अस्पताल रेफर
प्रतापगढ़ के पट्टी स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में टॉफी जैसी वस्तु खाने से कक्षा तीन के तीन छात्रों की तबीयत ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ के पट्टी सीएचसी में बच्चे का इलाज करते चिकित्सक। जागरण
HighLights
एक छात्र घर से पुड़िया में टॉफी जैसी वस्तु लाया था, उसी को तीनों ने खाया था
पट्टी के प्राथमिक विद्यालय प्रथम का मामला, उपचार के बाद तीनों की हालत सुधरी
संसू, जागरण, पट्टी (प्रतापगढ़)। नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रथम में बुधवार को कक्षा तीन के तीन छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पता चला कि एक छात्र द्वारा घर से पुड़िया में लाई गई टॉफी जैसी वस्तु खाने के बाद तीनों बच्चों को बेचैनी और चक्कर आने की शिकायत हुई।
विद्यालय के शिक्षक तत्काल बच्चों को सीएचसी पट्टी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में तीनों का उपचार चल रहा है। हालांकि उनकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
पट्टी नगर के हनुमान मंदिर तिराहे के समीप सात वर्षीय प्रिंस प्राथमिक विद्यालय प्रथम पट्टी में कक्षा तीन का छात्र है। बताया जाता है कि बुधवार को वह अपने बैग में पुड़िया में खाने की कोई वस्तु लेकर विद्यालय पहुंचा था, जो टॉफी जैसी दिख रही थी। कक्षा में उसने उसमें से कुछ स्वयं खाया और सहपाठी आर्यन पुत्र बबलू और मयंक पुत्र कन्हैयालाल, निवासी वार्ड नंबर एक हरिजन बस्ती को खिला दी। वस्तु खाने के कुछ देर बाद तीनों बच्चों की हालत बिगड़ने लगी। उन्हें बेचैनी के साथ चक्कर आने लगा।
यह देख कक्षा के अन्य बच्चों ने इसकी जानकारी प्रधानाध्यापक शिवपूजन पांडेय को दी। उन्होंने सहायक अध्यापक राजकुमार मौर्य के साथ तीनों बच्चों को तत्काल सीएचसी पट्टी भेजा। चिकित्सक अखिलेश जायसवाल ने बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रधानाध्यापक ने घटना की सूचना बच्चों के अभिभावकों को दी। वह भी सीएचसी पहुंच गए और चिकित्सकों के निर्देश पर प्रधानाध्यापक के साथ बच्चों को लेकर जिला अस्पताल गए।
घटना की जानकारी मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी गुलाबचंद विद्यालय पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद वह जिला अस्पताल भी पहुंचे और बच्चों का हाल जाना। सूचना पर कस्बा इंचार्ज प्रशांत कटियार भी सीएचसी पट्टी पहुंचे और बच्चों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
प्रधानाध्यापक शिवपूजन पांडेय ने बताया कि पूछने पर बच्चों ने बताया कि प्रिंस घर से पुड़िया में कुछ खाने की टॉफी जैसी वस्तु लेकर आया था। उसे खाने के बाद तीनों बच्चों की तबीयत बिगड़ी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के बाद उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।
