प्रतापगढ़ में प्रेम विवाह के बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, सास-ससुर से पूछताछ
प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा में प्रेम विवाह करने वाली एक महिला का शव ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकाला और जांच के लिए सास-ससुर को हिरासत में लिया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
आसपुर देवसरा में विवाहिता का शव ससुराल में मिला।
वंदना पाल ने महेंद्र कुमार पाल से प्रेम विवाह किया था।
पुलिस ने सास-ससुर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
संवाद सूत्र, पट्टी। आसपुर देवसरा के तीबीपुर गांव में गुरुवार देर शाम विवाहिता का शव ससुराल स्थित कमरे में मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। पूछताछ के लिए सास और ससुर को थाने लाया गया है। वंदना पाल का सुलतानपुर जिले के धम्मौर क्षेत्र के त्यागीपुर गांव में मायका है। उसने 21 नवंबर 2023 को तीबीपुर निवासी महेंद्र कुमार पाल से प्रेम विवाह किया था।
पति रोजी-रोजगार के लिए दिल्ली में रहता है। नवरात्र के दौरान वंदना मायके चली गई थी। मंगलवार को वह अपने भाई के साथ ससुराल लौटी। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सास-ससुर धान कटवाने के लिए दलापुर स्थित खेत पर चले गए थे। शाम करीब छह बजे लौटे तो वंदना के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो कमरे में वंदना का शव मिला। थानाध्यक्ष धनंजय राय ने बताया कि सास-ससुर से पूछताछ की जा रही है।
कुत्ते के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल
आसपुर देवसरा के बरचौली गांव निवासी गोपाल सिंह चौहान पर शुक्रवार को कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को सीएचसी पट्टी लाया गया। चिकित्सक डॉ. अखिलेश जायसवाल ने बताया कि युवक कुत्ते के काटने से घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।