पति से नाराज महिला ने गोलगप्पे में कीटनाशक डालकर दो मासूम बेटियों को खिलाया, खुद भी खाया: तीनों की हालत स्थिर
पति से विवाद के बाद एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों को गोलगप्पे में कीटनाशक मिलाकर खिलाया और खुद ...और पढ़ें

जहरीला पदार्थ खाने वाली महिला का प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित सीएचसी में इलाज करते चिकित्सक। जागरण।
HighLights
प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में तीनों को कराया भर्ती
प्रतापगढ़ में कुंडा के सरियावा मुराई का पुरवा गांव की घटना
संवाद सूत्र, जागरण, कुंडा (प्रतापगढ़)। जनपद में बड़ी घटना हुई। पति से किसी बात को लेकर हुए विवाद से नाराज महिला ने गोलगप्पे में कीटनाशक दवाएं मिलाकर अपनी दो मासूम बेटियों को खिलाया। इसके बाद खुद भी कीटनाशक निगल लिया। हालत बिगड़ने पर तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुंडा ले जाया गया। यहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने तीनों को प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहां सभी की हालत में सुधार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के सरियावा मुराई का पुरवा गांव निवासी रोहित कुमार सोमवार को अपराह्न तीन तीन बजे गांव के पास नहर की ओर गया था। घर पर 30 वर्षीय पत्नी आसमा देवी अपनी साढ़े चार वर्ष की बेटी संध्या और तीन वर्षीय सुमान्या के साथ थी। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि इसी बीच ठेले से गोलगप्पा वाला गुजरा तो आसमा ने उससे गोलगप्पे खरीदे।
गोलगप्पे में उसने बैगन की फसल में छिड़काव करने वाला कीटनाशक डालकर दोनों बेटियों को खिला दिया। इसके बाद खुद भी कीटनाशक निगल लिया। कुछ देर बाद तीनों की हालत बिगड़ने लगी। शोर मचाने पर गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी रोहित को हुई तो वह भी भागकर घर पहुंचा। इसके बाद पत्नी और दोनों बेटियों को लेकर सीएचसी कुंडा पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने तीनों का प्राथमिक उपचार शुरू किया।
हालत में अपेक्षित सुधार न होने और गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तीनों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद घरवाले तीनों को लेकर प्रयागराज रवाना हो गए। महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर स्वजन कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। हालांकि, हल्के के दारोगा अंकित सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इससे आहत होकर महिला ने आत्मघाती कदम उठाया। जबकि, पति राेहित ने विवाद से इनकार कर दिया। उसने बताया कि वह सब्जी लेने बाजार जा रहा था। इस बीच वह नहर के पास बैठा तो उसे जानकारी हुई।1
