माफिया अतीक के बेटे अली के प्रिजन वैन के आगे-पीछे चल रहे वाहनों की सघन जांच, कौशांबी पुलिस सतर्क
माफिया अतीक अहमद के बेटे अली को झांसी जेल से प्रयागराज ले जाते समय कौशांबी पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था ...और पढ़ें
HighLights
पुलिस वाहन झांसी जेल से अली को लेकर प्रयागराज में पेशी को ले जाया जा रहा था
हाईवे की हर लग्जरी गाड़ी पर रही पुलिस की नजर, कड़ी सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी
जागरण संवाददाता, कौशांबी। प्रयागराज की अदालत में पेशी के लिए झांसी जेल से लाए गए माफिया अतीक अहमद के बेटे अली को लेकर सोमवार को जिला पुलिस अलर्ट रही। कानपुर-प्रयागराज हाईवे से प्रिजन वैन के गुजरने के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। अली के साथ समर्थकों के आने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने हाईवे पर संदिग्ध लग्जरी वाहनों की निगरानी की। प्रिजन वैन के आगे-पीछे दिखने वाले वाहनों को रोककर चेक किया गया।
सैनी में 6 लग्जरी कारों की सघन चेकिंग
अली की सुरक्षा के लिए डीएसपी सिराथू सत्येंद्र कुमार तिवारी को पुलिस स्कार्ट की जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस टीम ने अजुहा से ही हाईवे पर वाहनों की निगरानी शुरू कर दी थी। सैनी चौराहे के पास प्रिजन वैन के पीछे चल रही छह लग्जरी कारों को पुलिस ने रोककर चेक किया। वाहनों में सवार लोगों और सामान की जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली।
सकाढ़ा प्वाइंट पर भी फोर्स तैनात रही
इसके बाद सकाढ़ा प्वाइंट पर भी पुलिस फोर्स तैनात रही। कोखराज थाना प्रभारी संतोष शर्मा की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने हाईवे पर निगरानी बनाए रखी। अली के काफिले के प्रयागराज की सीमा में प्रवेश करने तक पुलिसकर्मी सतर्क रहे। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में एएसपी अमिता सिंह ने बताया कि कोई काफिला नहीं था। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस को अलर्ट किया गया था।
