प्रतापगढ़ में बड़ी घटना: उफनते नाले में एक ही परिवार के दो लोग डूबे, चाचा का शव बरामद; भतीजे की तलाश जारी
प्रतापगढ़ के रानीगंज में मछली पकड़ने गए चाचा-भतीजा उफनते नाले में डूब गए। चाचा का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि भतीजे की तलाश जारी है।

प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र में इसी उफनते नाले में चाचा-भतीजे डूबे थे, किनारे पर जुटी भीड़। जागरण
HighLights
दोनों तालाब में मछली पकड़ने गए थे, पैर फिसलने से भतीजा गहरे पानी में गिरा
डूब रहे भतीजे को बचाने के प्रयास में चाचा भी डूबा, रानीगंज थाना क्षेत्र की घटना
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को बड़ी घटना हुई। मछली पकड़ने गए चाचा-भतीजा नाले में डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों से दोनों की उफनते नाले में तलाश कराई। मशक्कत के बाद चाचा का शव बरामद हो गया। वहीं भतीजे की तलाश की जा रही है।
बताया जाता है कि रानीगंज थाना क्षेत्र के मेढौली गांव में शनिवार शाम करीब पांच बजे 45 वर्षीय नन्हें विश्वकर्मा और उसका 25 वर्षीय भतीजा लल्ले नाले में मछली पकड़ने के लिए गए थे। आसपास के लोगों के अनुसार इस दौरान पैर फिसलने से लल्ले नाले के उफनते पानी में गिर गया। यह देख नन्हें विश्वकर्मा लल्ले को बचाने के लिए नाले में कूद गया। दोनों देखते ही देखते नाले के पानी में डूब गए।
आसपास के लोगों ने घटना के बाद तत्काल रानीगंज थाने की पुलिस और चाचा-भतीजे के परिवार के सदस्यों को हादसे की सूचना दी। रोते-बिलखते स्वजन के साथ ग्रामीण वहां पहुंचे। इस बीच वहां पहुंची पुलिस ने चाचा-भतीजा की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलवाया। करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद नन्हें का शव तो मिल गया लेकिन लल्ले का पता नहीं चला। उसकी तलाश की जा रही है।