प्रतापगढ़ : बरसात में डूबा बकुलाही नदी का पुराना पैदल पुल, पानी से होकर शवयात्रा ले जानी पड़ रही; परेशानी में ग्रामीण
प्रतापगढ़ में बकुलाही नदी पर बना पुराना पैदल पुल बरसात के पानी में डूब गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ के मानधाता ब्लाक में पानी से डूबे बकुलाही नदी के पुराने पैदल पुल पर शवयात्रा ले जाते ग्रामीण। सौ. इंटरनेट मीडिया
HighLights
इंटरनेट मीडिया पर इस पुल के पानी में से होकर शवयात्रा ले जाने का वीडियो प्रसारित
स्कूली बच्चों के साथ ही अस्पताल और बाजार जाने वाले ग्रामीणों को हो रही काफी दिक्कत
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। जनपद में बकुलाही नदी पर बना पैदल पक्का पुराने पुल से आवागमन करना ग्रामीणों के लिए मुसीबत का कारण बन गया है। बरसात से बढ़े पानी में यह पैदल पुल डूब गया है। इस वजह से लोगों को बाजार, अस्पताल जाने-आने में दिक्कत हो रही है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों को स्कूल जाने में होती है। इस बीच पानी भरे पुल से होकर शवयात्रा ले जाने का वीडिया इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है। दैनिक जागरण प्रसारित वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।
जर्जर हो चुका है पुल
मानधाता ब्लाक के हैंसी परजी और शिवरा गांव की सीमा पर बकुलाही नदी पर बना वर्षों पुराना पुल ग्रामीणों के लिए खतरनाक हो गया है। मुख्य सड़क से 10 फीट नीचे स्थित यह पुल जर्जर हो चुका है और हल्की बारिश में ही डूब जाता है। इसके कारण यह दिखता ही नहीं।
जलभराव के बीच स्कूल जाने में बच्चों की परेशानी
शनिवार को सुबह करीब छह बजे हवा के साथ हुई बारिश से रानीगंज में गौरा ब्लाक स्थित प्राथमिक विद्यालय मेडुआडीह परिसर में जलभराव हो गया। नौनिहालों को स्कूल पहुचने मे परेशानी उठानी पडी़। स्कूल पहुचने पर परिसर में भी जलभराव होने से कुछ बच्चे भवन की दीवार पकड़ कर पहुंचे तो कई एक-दूसरे का हाथ पकड़ कर पहुंचे।
रेलवे कॉलोनी की बह गई सड़क
मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन का कायाकल्प युद्धस्तर पर हो रहा है। वहीं रेलवे कॉलोनी की सड़क पानी में बह गई है। अनेकों गड्ढे होने से वह तालाब की शक्ल में दिख रहे हैं। कई राहगीर सड़क पर बने गड्ढे में फंसने से गिरकर घायल हो चुके हैं। रेल कर्मचारी और उनके परिवार के लोग भी रोड से गुजरने में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
कॉलोनी में रेलकर्मियों का रहता है परिवार
यह सहोदरपुर पूर्वी में रेलवे कॉलोनी है। यहां पर 150 से अधिक रेल कर्मचारियों का परिवार रहता है। कॉलोनी में ही सिग्नल, रेलवे हॉस्पिटल, इंजीनियरिंग विभाग, जीआरपी की बैरिक, कोचिंग डिपो अधिकारी, विद्युत सहित अन्य विभाग भी है। रेलवे कालोनी में डेढ़ किमी से अधिक सड़क बनी है। बरसात के चलते कई जगहों पर सड़क पानी में बह गई है। इंजीनियरिंग विभाग के आइओडब्ल्यू कालोनी बलराम मीना ने बताया कि सड़क मरम्मत का प्रस्ताव बनाकर अधिकारियों को भेजा गया है। अनुमोदन मिलते ही सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।
