प्रतापगढ़ में डकैती की बड़ी साजिश नाकाम, पुलिस ने चार बदमाश दबोचे, तमंचा-कारतूस व छेनी-हथौड़ा बरामद
प्रतापगढ़ की देल्हूपुर पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से तमंचा, ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ में देल्हूपुर पुलिस की गिरफ्त में बदमाश। सौ. पुलिस मीडिया सेल
HighLights
देल्हूपुर पुलिस ने शनिदेव धाम गेट के सामने बाग में घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ा
मौके से एक बदमाश बाइक लेकर फरार हो गया, उसकी तलाश में पुलिस दे रही दबिश
संसू, जागरण, प्रतापगढ़। जनपद की देल्हूपुर पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे चार बदमाशों को 24 अगस्त की रात में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपितों के कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल, आठ कारतूस, एक 315 बोर तमंचा, दो कारतूस के अलावा हथौड़ा, छेनी, प्लास, रस्सी और पहचान छिपाने के लिए तीन काले कपड़े बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक रात में मानधाता मोड़ पर चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि शनिदेव धाम गेट के सामने बाग में कुछ बदमाश आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। चार को पुलिस ने पकड़ लिया जबकि एक बदमाश साहिल खान अंधेरे का लाभ उठाकर बाइक से फरार हो गया।
गिरफ्तार बदमाशें में मेराज उर्फ आदिल निवासी शोभीपुर, सैफ निवासी जद्दोपुर दिवैनी, सादाब निवासी चकसारा और नौशाद उर्फ नुशाद निवासी बरसंडा रहे। पूछताछ में आरोपितों ने कुशफरा गांव में डकैती करने के उद्देश्य से एकत्र होने की बात पुलिस को बताई। पुलिस के अनुसार हथौड़ा, छेनी, प्लास और रस्सी का इस्तेमाल वारदात में तथा काले कपड़ों का इस्तेमाल पहचान छिपाने के लिए किया जाना था।
थाना प्रभारी देल्हूपुर राधेश्याम ने बताया कि सैफ और मेराज के खिलाफ पहले से लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल भी बरामद हुई हैं। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार ने बताया कि फरार आरोपित की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
