विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रतापगढ़ में मां व मासूम बेटे की संदिग्ध हाल में मौत, विवाहिता के मायके वाले पति पर गला दबाने का लगाया आरोप

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 18 Oct 2026 01:00 PM (IST)

प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक मां और उसके दो साल के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ में संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के नया पुरवा लालू पट्टी गांव में मां-बेटे की संदिग्ध मौत पर बिलखते स्वजन। जागरण

प्रतापगढ़ में संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के नया पुरवा लालू पट्टी गांव में मां-बेटे की संदिग्ध मौत पर बिलखते स्वजन। जागरण

HighLights

  1. महिला का पति बोला- पत्नी व बेटा रात घर में थे, वह अपनी मां के साथ बरामदे में सो रहा था

  2. संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के नया पुरवा लालू पट्टी गांव की घटना, पुलिस मामले की कर रही छानबीन

संसू, जागरण, संग्रामगढ़ (प्रतापगढ़)। थाना संग्रामगढ़ क्षेत्र के नया पुरवा लालू पट्टी गांव में शनिवार की रात महिला और उसके दो वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर लोग अवाक रह गए। मायके पक्ष ने महिला के पति पर पत्नी और बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटनास्थल पर पहुंचे आईजी अजय मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने भी जांच-पड़ताल की। 

महिला के भाई ने पुलिस को सूचना दी 

नया पुरवा लालू पट्टी गांव निवासी सुरेश पटेल की शादी करीब 10 वर्ष पहले मानिकपुर थाना क्षेत्र के अंतामऊ गांव निवासी शिवचरण की बेटी 30 वर्षीय नीता पटेल से हुई थी। दंपती का दो वर्षीय बेटा ईशु था। स्वजनों के अनुसार, शनिवार रात खाना खाने के बाद नीता और उसका बेटा घर में सो रहे थे। रविवार सुबह दोनों की मौत की जानकारी सामने आई। पुलिस को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी। लवकुश पटेल ने अपनी बहन नीता और भांजे ईशु के घर में फंदे से लटके होने की जानकारी दी थी।

पुलिस कर रही गहनता से जांच-पड़ताल 

मौके पर पहुंची पुलिस ने पति सुरेश से पूछताछ की। उसने बताया कि वह अपनी मां लखपतिन के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। सुबह घर के अंदर जाने पर पत्नी और बेटे को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद दोनों को नीचे उतार दिया। वहीं मायके पक्ष ने घटना को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि मौत के बाद शवों को बाहर चारपाई पर रखकर फांसी लगाने का आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। थाना प्रभारी सिद्धार्थ सिंह पुलिस टीम के साथ मामले की जांच में जुटे हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

यह भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में पति की हत्या कराने वाले पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार, शराब पिलाकर ईंट-पत्थर से कूंचा था सिर

यह भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में पत्नी की सिर कूंचकर हत्या, महिलाओं से अवैध संबंध व शराब की लत वारदात की बनी वजह