प्रतापगढ़ : प्रेम विवाह करने वाले जोड़े पर जानलेवा हमला, युवक की मौत व युवती घायल; थाने से बयान देकर लौट रहे थे दोनों
प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिवार ने थाने से बयान देकर लौट रहे युगल पर हमला किया, जिसमें युवक ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ में प्रेम विवाह करने वाले शिवनाथ यादव की फाइल फोटो।
HighLights
कुंडा में वारदात, गाड़ी से खींचकर लाठी, डंडे व सरिया से युवक पर किया गया हमला
प्रेम विवाह से नाराज थे युवती के परिवार के लोग, युवती ने अपने चाचा पर दर्ज कराया केस
संसू, जागरण, कुंडा (प्रतापगढ़)। जनपद में बड़ी वारदात हुई। प्रेम विवाह से नाराज युवती के स्वजन ने युगल पर हमला बोल दिया। थाने में बयान दर्ज कराकर लौटने के दौरान रास्ते में गाड़ी से खींचकर लाठी, डंडे व सरिया से पीटकर युवक को मरणासन्न कर दिया। उसे बचाने के प्रयास में युवती घायल हो गई। एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में भर्ती कराए जाने के 12 घंटे बाद युवक ने दम तोड़ दिया। युवती ने अपने चाचा समेत परिवार के कई लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
शिवनाथ-अर्चना ने दिल्ली में कोर्ट मैरिज की
कुंडा कोतवाली के महमदपुर बरई गांव निवासी 28 साल के शिवनाथ यादव उर्फ मुन्नू और गांव की अर्चना यादव के बीच प्रेम संबंध था। शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़की पक्ष राजी नहीं था। इस पर यह दोनों 25 जून को घर से चले गए। 26 जून को दिल्ली में एक मंदिर में विवाह कर लिया और 29 जून को दिल्ली के शालीमार बाग में कोर्ट मैरिज भी कर ली थी।
चाचा ने भतीजी को भगा ले जाने का केस दर्ज कराया
इधर जानकारी होने पर अर्चना के चाचा वीरेंद्र कुमार यादव ने कुंडा कोतवाली में भतीजी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान दोनों पक्षों को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजी थी। नोटिस के अनुपालन में 13 अगस्त को शिवनाथ और अर्चना अपने परिवार के साथ बोलेरो से कुंडा कोतवाली पहुंचे और बयान दर्ज कराया।
वाहन से घसीटकर बेरहमी से की पिटाई
इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे सभी लोग घर जा रहे थे। हथिगवां थाना के प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर सुआनारी गांव के पास प्रेम विवाह से नाराज उसके चाचा वीरेंद्र कुमार यादव, सतेंद्र यादव तथा अन्य लोग अर्टिगा और स्कार्पियो से शिवनाथ की गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। उस पर प्राणघातक हमला किया व जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। शिवनाथ ने शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस आरोपितों की कर रही तलाश
सीओ कुंडा शिवनारायण का कहना है कि अर्चना की तहरीर पर हथिगवां थाने में वीरेंद्र यादव, सतेंद्र यादव, प्रेम यादव और राज यादव व कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।
