प्रतापगढ़ में लेखपाल पर झूठी रिपोर्ट देने पर मुकदमा दर्ज, हाई कोर्ट को गुमराह करने पर हुई कार्रवाई
प्रतापगढ़ में लेखपाल राम सिंह के खिलाफ सरकारी जमीन पर कब्जे के मामले में झूठी रिपोर्ट देने पर नायब तहसीलदार ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ में लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
HighLights
नायब तहसीलदार ने लेखपाल पर नगर कोतवाली में केस दर्ज कराया
सदर तहसील के श्रीकांतपुर में सरकारी जमीन पर हुए कब्जे का मामला
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। सरकारी जमीन पर हुए कब्जे के मामले में हाई कोर्ट द्वारा मांगे जाने पर लेखपाल ने झूठी व भ्रामक रिपोर्ट दे दी। इससे प्रशासन को कोर्ट में असहज होना पड़ा। नायब तहसीलदार ने लेखपाल पर नगर कोतवाली में मंगलवार को केस दर्ज कराया।
इलाहाबाद HC की लखनऊ खंडपीठ में जनहित याचिका
प्रकरण सदर तहसील के श्रीकांतपुर का है। यहां पर नवीन परती और खाद गड्ढा पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा था। जनहित में इसकी शिकायत करत हुए गांव के अशोक मिश्रा ने इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में जनहित याचिका दाखिल की थी। इस पर कोर्ट ने प्रतापगढ़ प्रशासन से जवाब मांगा।
लेखपाल ने तहसीलदार को मिथ्या, भ्रामक आख्या दी
न्यायालय में जवाब भेजने के लिए क्षेत्रीय लेखपाल राम सिंह ने तहसीलदार सदर को 13 अगस्त को मिथ्या एवं भ्रामक आख्या प्रस्तुत कर दी। जब यह गलत रिपोर्ट हाईकोर्ट ने देखी तो कड़ी नाराजगी व्यक्त की। इस पर डीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार सदर चंदन लाल राना ने कोतवाली नगर में आरोपित लेखपाल राम सिंह के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई।
लेखपाल पर विभागीय कार्रवाई भी होगी
इस संबंध में नायब तहसीलदार चंदन लाल ने बताया कि गलत रिपोर्ट देने का प्रकरण गंभीर है। इसके लिए लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद अब विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जिस ट्रैक्टर से गया था मवेशियों के लिए हरा चारा लेने, उसी के नीचे दबकर युवक की चली गई जान
