अब गोशालाओं में पराली से बनेगी बायोगैस, प्रतापगढ़ में शुरू हुई नई पहल
प्रतापगढ़ की गौशालाओं में अब पराली से बायोगैस बनाई जाएगी, जिससे किसानों को पराली जलाने की समस्या से निजात मिलेगी और पर्यावरण भी सुधरेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पराली से बायोगैस उत्पादन, किसानों को मिली बड़ी राहत।
प्रतापगढ़ की गौशालाओं में बिजली बिल होगा शून्य।
पर्यावरण सुधार और ऊर्जा संरक्षण में महत्वपूर्ण कदम।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। पराली प्रबंधन किसानों के लिए बड़ी समस्या होती है। अब इसका आसान समाधान मिल गया है। आधुनिक तकनीक से गोशालाओं में बायोगैस बनेगी। पराली को एकत्रित किया जा रहा है। धान काटने के बाद पराली खेत में पड़ी रहने से अगली फसल की तैयारी में देरी होती थी। इसे जलाने पर मुकदमें का भी डर रहता था। मशीनों से पराली उठना बड़ी राहत है। अब इसके उपयोग से बायोगैस तैयार होगी।
जनपद में करीब 66 गोशालाएं हैं। इसमें वृहद गोशाला, काल्हा, कांजी हाउस और अस्थायी गोशालाएं शामिल हैं। यहां 17 हजार से अधिक गोवंश संरक्षित किए गए हैं। लालगंज तहसील क्षेत्र की तराई वाले खेतों से धान की पराली से अब पहाड़पुर स्थित गोशाला में बायोगैस बनेगी।
दरअसल, यहां पर कई साल पहले से बायोगैस प्लांट लगा है। यहां पर अभी तक गोबर से गैस तैयार हो रही है। अब इसे और विस्तार देने की कवायद चल रही है। पराली के उपयोग से भी बायोगैस तैयार होगी। एक दिसंबर से इसकी शुरुआत होगी। बायोगैस से गोशाला की बिजली का बिल शून्य हो गया है।
नई व्यवस्था से पर्यावरण में भी सुधार होगा। गांव की प्रशासक शीला शुक्ला का प्रयास भी रंग ला रहा है। शीला के पति देवदत्त शुक्ल भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दयानंद श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले दिनों में कई और गोशालाओं में बायोगैस प्लांट लगाया जाएगा। इससे बिजली की बचत होगी।
देवली में प्लांट लगाने की कवायद
लक्ष्मणपुर के देवली में भी गोशाला है। यहां पर 600 से अधिक गोवंश हैं। यहां भी आने वाले दिनों में बायोगैस प्लांट लगेगा। इसके लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। बारी-बारी से कई और गोशालाओं में प्लांट लगाया जाएगा। यह ऊर्जा संरक्षण की दिशा में भी बेहतर कदम होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।