प्रतापगढ़ में मधुमक्खियों के हमले से वृद्ध की मौत, बचाने के प्रयास में परिवार के तीन सदस्य घायल
प्रतापगढ़ के कोर्रही पुराना जिल्ला गांव में मधुमक्खियों के हमले से 86 वर्षीय वृद्ध रामप्रताप की मौत हो गई। उन्हें ...और पढ़ें

मधुमक्खियों के हमले से प्रतापगढ़ में वृद्ध की मौत हो गई।
HighLights
मकान के सामने नीम के पेड़ पर था मधुमक्खियों का छत्ता
बाघराय थाना क्षेत्र के कोर्रही पुराना जिल्ला गांव की घटना
संसू, जागरण, बाघराय (प्रतापगढ़)। कोर्रही पुराना जिल्ला गांव में मधुमक्खियों के हमले में 86 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। जबकि उन्हें बचाने पहुंचे परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। घायलों का निजी चिकित्सालय में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। अचानक हुई इस घटना से परिवार सदमे में है।
अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने धावा बोला
बताया जाता है कि गांव निवासी 86 वर्षीय रामप्रताप पुत्र राममनोहर अपने घर से करीब एक सौ मीटर दूर बने नए मकान में रहते थे। मकान के सामने स्थित नीम के पेड़ पर मधुमक्खियों ने छत्ता बना रखा था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक छत्ते से मधुमक्खियों का झुंड निकल पड़ा। इसी दौरान कमरे से बाहर निकले रामप्रताप पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
मधुमक्खियों के डंक से रामप्रताप के शरीर पर कई जगह घाव हो गए। चीख-पुकार पर उन्हें बचाने पहुंचे घरवालों पर भी मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। इससे कमलादेवी उर्फ भक्तिन पत्नी परमेश्वर, दीपचंद पुत्र परमेश्वर और दीपचंद की दो वर्षीय बेटी अनन्या घायल हो गईं। सभी घायलों को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
अस्पताल ले जाते समय वृद्ध ने दम तोड़ दिया
उधर वृद्ध की हालत गंभीर होने पर स्वजन उन्हें जिला चिकित्सालय ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। मधुमक्खियों के हमले के करीब तीन घंटे के भीतर रामप्रताप की जान चली गई। शनिवार को घरवालों ने शृंगवेरपुर घाट पर अंतिम संस्कार किया। बेटे रामपियारे और श्यामलाल सहित पौत्र प्रदीप व रोशन गमगीन हैं।
