प्रतापगढ़ में 32 हजार परिवारों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ; सूची में पेंशन, राशन और आवास शामिल
प्रतापगढ़ में जीरो पावर्टी अभियान के तहत 32 हजार अति गरीब परिवारों की पहचान की गई है। इन परिवारों को ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। जीरो पावर्टी अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में सर्वे का काम पूर्ण कर लिया गया है। जिले में करीब 32 हजार परिवार अति गरीब मिले हैं।
पारदर्शिता के लिहाज से आवेदनों का फिर से सत्यापन कराया गया, जिससे किसी भी स्तर पर भेदभाव न हो सके। सर्वे का काम पूरा होने के साथ ही पात्रों को शासन की प्रमुख योजनाओं से जोड़ने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे उनकी जिंदगी संवरेगी।
जीरो पावर्टी अभियान
जनपद में 17 ब्लाक हैं। इसके अंतर्गत 1,148 ग्राम पंचायतें हैं। छह माह पहले जीरो पावर्टी अभियान की शुरुआत की गई। इसका उद्देश्य जिले के अत्यधिक गरीबी को समाप्त करना और हर गरीब परिवार को आत्मनिर्भर बनाना है।
इसमें जिला प्रशासन को यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति भोजन, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे। इसमें प्रत्येक ग्राम पंचायतों से सबसे गरीब वंचित 20 से 25 परिवारों की पहचान करनी थी।
गांव-गांव किया गया था सर्वे
इसके तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में गांव-गांव अभियान चलाकर पंचायकों और सचिवों ने इसका सर्वे किया था। सर्वे में करीब 32 हजार परिवारों को सूचीबद्ध किया गया है। इसमें ऐसे परिवार शामिल हैं, जिनके पास रहने को आवास नहीं है।
पात्र होने के बाद भी राशनकार्ड नहीं बना। विधवा होने के बावजूद पेंशन नहीं लगी। साथ ही बाल सेवा श्रम आदि योजनाओं के लाभ पाने से वंचित रह गए। अब इन लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार भी हो रहा है। जिला विकास अधिकारी आलाेक आर्य ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
कमजोर वर्गों का विशेष जोर
जीरो पावर्टी अभियान के तहत गांवों में निवास करने वाले मुसहर, कोल, थरू, सहरिया आदि वंचित समुदायों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। खासकर विधवा महिलाओं को भी सूची में शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें- राशन कार्ड के लिए रिक्त स्थानों पर जीरो पावर्टी व कुष्ठ रोगियों को मिलेगी प्राथमिकता
यह भी पढ़ें- अंतिम व्यक्ति का उदय: योगी सरकार का 'जीरो पावर्टी' मॉडल बना समावेशी विकास की नई पहचान
