कुंडा की रामकथा में सियासत का शक्ति संगम, राजा भैया के बुलावे पर एक मंच पर जुटे दिग्गज
प्रतापगढ़ के कुंडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा अब धार्मिक आयोजन से बढ़कर राजनीतिक विमर्श का केंद्र बन गई है। राजा भैया के बुलावे पर जुटे दिग्गजों का यह जमावड़ा 2027 विधानसभा चुनाव से पहले यूपी की सियासत में नए समीकरणों की तलाश और शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
-1795148461116_m.webp)
HighLights
कुंडा रामकथा राजनीतिक विमर्श और शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बनी।
राजा भैया के बुलावे पर जुटे कई राज्यों के दिग्गज नेता।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में नए समीकरणों की तलाश।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। कुंडा के बेंती में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा अब धार्मिक आयोजन की परिधि से निकलकर राजनीतिक विमर्श का केंद्र बन गई है। कथा के मंच पर संतों, धर्माचार्यों और योगगुरुओं के साथ देश के अलग-अलग राज्यों के सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और प्रभावशाली राजनीतिक चेहरों का जुटान महज संयोग नहीं माना जा रहा।
पूर्वांचल के चर्चित बाहुबली बृजेश सिंह और पूर्व सांसद धनंजय सिंह का एक मंच पर दिखना, बृजभूषण शरण सिंह और योगगुरु रामदेव का गले मिलना तथा तीन दिनों तक लगातार दिग्गजों की मौजूदगी ने आयोजन को उत्तर प्रदेश के विधान सभा चुनाव के पहले राजनीतिक दृष्टि से खास बना दिया है।
कथा में प्रतिदिन करीब तीन लाख लोगों की उपस्थिति का अनुमान है। तीन दिवसीय (17 से 19 नवंबर) तक चले इस जुटान के केंद्र में कुंडा विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह हैं। आयोजन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, क्षत्रिय समाज के प्रभावशाली चेहरों और विभिन्न दलों से जुड़े जनप्रतिनिधियों की भागीदारी ने सामाजिक-राजनीतिक एकजुटता के नए संकेत दिए हैं।
इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सवर्ण और क्षत्रिय नेतृत्व के बीच संवाद और शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि, इसे किसी औपचारिक राजनीतिक गठबंधन का संकेत मानना अभी जल्दबाजी होगी।
कथा के मंच पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी, बाबा रामदेव, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान, डॉ. रामशंकर कठेरिया, बृजभूषण शरण सिंह, धनंजय सिंह, निशिकांत दुबे, टी. राजा सिंह, रवींद्र सिंह भाटी समेत अनेक विशिष्टजन की उपस्थिति ने आयोजन का दायरा राष्ट्रीय बना दिया।
विभिन्न राजनीतिक धाराओं के लोगों का एक साथ पहुंचना सनातन परंपरा के साझा मंच की तस्वीर भी है। आयोजन का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू अखिलेश यादव और रघुराज प्रताप के बीच उभरी सियासी तल्खी है। भगवान राम और कृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी पर अखिलेश की आपत्ति और कथा पर रोक लगाने की मांग के बाद रघुराज प्रताप सिंह की चुनौती ने विवाद को राजनीतिक रंग दे दिया।
वहीं, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कथा को राजनीतिक मंच बनाए जाने के आरोपों को विपक्ष का दृष्टिदोष बताया और कहा कि सभी को संस्कृति से जुड़ना चाहिए। दरअसल, कुंडा की रामकथा के बहाने तीन संदेश एक साथ उभर रहे हैं। पहला, धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के साझा मंच पर प्रभावशाली चेहरों का जुटान।
दूसरा, सामाजिक समूहों के बीच एकजुटता और राजनीतिक संवाद की संभावनाएं। तीसरा, 2027 से पहले प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों की तलाश। कथा का धार्मिक उद्देश्य अपनी जगह है, लेकिन मंच पर जुटी राजनीतिक हस्तियों और उनके बीच बनते संवाद ने इसे सनातन की एकजुटता के साथ राजनीतिक शक्ति के प्रदर्शन का भी मंच बना दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।