प्रतापगढ़ में पूर्व सैनिक ने साले पर दागीं 10 गोलियां, भीड़ ने आरोपित को पेड़ से बांधकर पीटा
प्रतापगढ़ में एक पूर्व सैनिक ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने साले को 10 गोलियां मारीं, जिससे उसकी हालत गंभीर ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ के कोहंड़ौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में साले को गोली मारने के बाद जुटी भीड़ व पुलिसकर्मी, इनसेट में पिटाई से घायल आरोपित। जागरण
HighLights
पारिवारिक विवाद में घटना को दिया गया अंजाम
कोहंड़ौर क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में बड़ी वारदात
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। जनपद के कोहंड़ौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में मंगलवार दोपहर बड़ी वारदात हुई। पारिवारिक विवाद में पू्र्व सैनिक ने अपने साले पर ही फायरिंग की। फायरिंग कर भाग रहे फौजी को भीड़ ने पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर जमकर पीटा। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
पूर्व सैनिक का पत्नी से विवाद था
बताया जाता है कि फौज में सैनिक रह चुके कपिलदेव यादव और उसकी पत्नी में कुछ वर्षाें से विवाद चल रहा था। बहन की शिकायत पर उसका 40 वर्षीय भाई देवेंद्र उसे लेने उसके ससुराल पहुंचा। इस दौरान जीजा कपिलदेव यादव और साले देवेंद्र में जमकर झड़प हुई। वहां से देवेंद्र बहन को लेकर घर लौट आया।
बहन को ससुराल से ले आया था भाई
मदाफरपुर बाजार में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बहन को ससुराल से लाने के बाद देवेंद्र अपने मेडिकल स्टोर पर जाकर बैठा ही था कि जीजा कपिलदेव यादव भी वहां सेना की वर्दी पहने पहुंच गया। उसने आव देखा न ताव लाइसेंसी पिस्टल निकाली और देवेंद्र को लक्ष्य करके दनादन 10 गोलियां दाग दीं।
देवेंद्र की हालत गंभीर
फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे आरोपित कपिलदेव यादव को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। देवेंद्र को राजा प्रताप बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस प्रकरण की कर रही जांच
उधर पकड़े गए आरोपित देवेंद्र के जीजा कपिलदेव यादव को लोगों ने पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई की। इस बीच सूचना पाकर वहां पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया। इस संबंध में एसपी दीपक भूकर का कहना है कि परिवार के विवाद में घटना हुई है। आरोपित को पकड़ा गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है।
