कुंडा रामकथा में धीरेंद्र शास्त्री का उद्घोष- भारत बनेगा हिंदू राष्ट्र; 500 पाकिस्तानी हिंदुओं ने किया हवन
बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री ने कुंडा की रामकथा में भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का आह्वान किया और सनातन धर्म के सशक्तिकरण पर जोर दिया।

श्रीरामकथा पांडाल में पहुंचे बागेश्वर पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री भक्तों का अभिनंदन करते साथ में राजा भैया। जागरण
HighLights
धीरेंद्र शास्त्री ने कुंडा रामकथा में हिंदू राष्ट्र का संदेश दिया।
500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों ने हवन में भाग लिया।
सनातन धर्म और हिंदू एकता पर जोर दिया गया।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कुंडा के बेंती में चल रही रामकथा में दूसरे दिन बुधवार को भी सनातन व हिंदुत्व के सशक्तीकरण का खुला संदेश दिया। साफ कहा कि जैसे प्रभु राम के साथ उनके भाई व वानर-भालू सब थे, उसी प्रकार हिंदू एकजुट रहें। ऐसा होने पर भारत हिंदू राष्ट्र जरूर बनेगा। सनातन विरोधियों को देश से भागना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि अपने घर पर भगवा ध्वज लगाओ। माथे पर टीका हो और जीभ पर मानस की चौपाई। केवल बोलने से सनातन नहीं बचेगा। किसी सनातनी पर आंच आए तो सब मिलकर मदद करें। ऐसा नहीं किया तो वह दिन भी आ सकता है, जब देश विरोधी ताकतों के कारण तुमको अपना घर छोड़कर भागना पड़े।
इस्लामिक प्रभाव की ओर किया सचेत
धीरेंद्र शास्त्री ने इस्लामिक प्रभाव की ओर सचेत करते हुए कहा कि उनके चार घर भी हों तो हरे रंग से रंगे रहते हैं और सनातनी के गांव में भगवा ध्वज भी नहीं दिखता। ऐसा नहीं होना चाहिए। उनके यहां रिश्तों की मर्यादा नहीं है। संबंधों की गरिमा नहीं है, लेकिन हमारे यहां नारी पूज्या है। हमें अपनी संस्कृति व सनातन पर गर्व होना चाहिए।
धीरेंद्र कृष्ण ने 500 पाकिस्तानी शरणार्थी हिंदुओं को भी रामचरित्र सुनाया व हवन में उनको शामिल किया। प्रभु राम की चर्चा करते हुए जीवन का सूत्र दिया।
कहा कि जीवन जीना है तो राम के गुणों काे अपनाएं। मोक्ष पाना है तो भागवत को अपनाएं। कैकई की चर्चा में पीठाधीश्वर ने कहा कि कैकई ने राम जी के कहने पर उनके लिए वनवास मांगा था। अगर राम वन न जाते, तो राम बन न पाते। इसलिए कैकई निंदनीय नहीं, वंदनीय हैं।
सत्संग के बिना विवेक नहीं: धीरेन्द्र
सत्संग की महत्ता बताते हुए कहा कि सत्संग के बिना विवेक नहीं होता। सत्संग व संत दर्शन भी बिना प्रभु के दर्शन के नहीं होता। इसलिए मर जाना, पर अधर्म व कुसंग की राह पर मत चलना। हर अमीर हिंदू गरीब की मदद करे, मंदिरों के चढ़ावे का पैसा गरीब हिंदुओं पर खर्च हो तो हर हिंदू मजबूत हो जाएगा।
दूसरे दिन की कथा में प्रख्यात सनातनी विचारक एवं वक्ता पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ, जिले के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, अभिनेता पवन सिंह, हनुमान अंश के मुख्य किरदार शोभनिव सत्य, हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास समेत अनेक जनप्रतिनिधि व संत-महंत शामिल रहे। कथा के आयाेजक पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने सबका स्वागत किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।