प्रतापगढ़ में कालाकांकर गंगा घाट की सीढ़ी पर आ बैठा विशाल मगरमच्छ, दहशत में आए स्नानार्थियों में मची अफरा-तफरी
प्रतापगढ़ के कालाकांकर गंगा घाट पर रविवार सुबह एक विशाल मगरमच्छ सीढ़ियों पर आ बैठा, जिससे स्नानार्थियों में दहशत फैल ...और पढ़ें

प्रतापगढ़ में कालाकांकर गंगा घाट की सीढियों पर बैठा मगरमच्छ। सौ. श्रद्धालु
HighLights
भीड़ और शोर के बीच मगरमच्छ धीरे-धीरे गंगा के गहरे पानी में चला गया
पुरोहितों ने लोगों को नदी में स्नान करने से रोका और सतर्क रहने को कहा
संसू, जागरण, परियावां (प्रतापगढ़)। कालाकांकर के प्रसिद्ध गंगा घाट पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राजभवन के बगल वाली सीढ़ियों पर एक विशाल मगरमच्छ आकर बैठ गया। गंगा स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की नजर जैसे ही मगरमच्छ पर पड़ी, लोगों में हड़कंप मच गया। स्नान कर रहे लोग घबराकर पीछे हट गए और शोर मचाने लगे।
मगरमच्छ को सामने देख लोगों के उड़े होश
बताया गया कि सुबह करीब छह से सात बजे के बीच श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचे थे। इसी दौरान सीढ़ियों पर बैठे मगरमच्छ को देखकर लोगों के होश उड़ गए। देखते ही देखते घाट पर भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और घाट के पुरोहितों ने तत्काल लोगों को नदी में जाने से रोक दिया और सतर्क रहने की अपील की।
लोगों ने मचाया शोर तो पानी में चला गया, मिली राहत
कुछ देर तक मगरमच्छ सीढ़ी पर ही बैठा रहा। लोगों की भीड़ और शोर के बीच वह धीरे-धीरे घाट से हटकर गंगा के गहरे पानी में चला गया। मगरमच्छ के नदी में लौटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ गंगा में यहां पहुंचा
स्थानीय लोगों के अनुसार जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ गंगा के पानी के साथ यहां पहुंचा है। पानी से निकलकर किनारे की ओर आ गया था। गनीमत रही कि मगरमच्छ के घाट की सीढ़ियों तक पहुंचने के बावजूद किसी श्रद्धालु से उसका सामना नहीं हुआ और कोई अनहोनी नहीं हुई।
