मसालों की खुशबू से महकेगा अमिताभ बच्चन का पैतृक गांव बाबूपट्टी, महिलाएं लिखेंगी आत्मनिर्भरता की नई कहानी
प्रतापगढ़ का बाबूपट्टी गांव, डॉ. हरिवंश राय बच्चन का पैतृक स्थान, अब महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अग्रसर है।

अमिताभ बच्चन और बाबू पट्टी मुसहर बस्ती में निजामा वनवासी रंजना निरंजन वनवासी परिवार के साथ
HighLights
महिलाओं को आटा-मसाला चक्की मशीनें मिलेंगी, बनेंगी आत्मनिर्भर।
गांव की बेटियां सिलाई सीखकर अपने भविष्य को संवार रही हैं।
बाबूपट्टी में लिविंग लाइब्रेरी और पुस्तकालय का कायाकल्प हो रहा।
संवाद सूत्र, प्रतापगढ़। जिस गांव की मिट्टी से हिंदी साहित्य के सूरज डॉ. हरिवंश राय बच्चन निकले, वह बाबूपट्टी अब सिर्फ कविता और किताबों का गांव नहीं रहा। अब यह गांव महिलाओं की आत्मनिर्भरता की मिसाल बनने जा रहा है। यहां की महिलाएं अब सिर्फ घर नहीं संभालेंगी, बल्कि खुद का रोजगार चलाकर परिवार की आमदनी का सहारा भी बनेंगी।
डॉ. हरिवंश राय बच्चन प्रबोधन प्रतिष्ठान अब समूह की महिलाओं को गेहूं पीसने वाली आटा चक्की और मसाला पीसने वाली मशीन देने जा रहा है। दो-तीन दिन में मशीनें गांव पहुंच जाएंगी। इसके बाद महिलाएं गांव में ही पिसाई का काम कर कमाई करेंगी।
बाबूपट्टी में बदलाव की कहानी अचानक नहीं लिखी गई। पहले पंचायत भवन पर 25 सिलाई मशीनें दी गईं। आज वहां बालिकाएं और महिलाएं सिलाई सीखकर अपने भविष्य को संवार रही हैं। जो बेटियां दूर पढ़ने जाती थीं, उन्हें 45 साइकिलें मिलीं। गरीब महिलाओं को कपड़े मिले। अब ट्रस्ट ने दूसरा बड़ा कदम उठाया है।

ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष निवृत्ति यादव कहते हैं कि महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी तो दूसरे को भी आत्मनिर्भर बनाएंगी। बाबूपट्टी अब किताबों का गांव कहलाता है। गांव में सोलर पैनल से चलने वाले 12 सीसीटीवी कैमरे, नागरिकों के बैठने के लिए 45 बेंच, कूड़ेदान, पौधों के लिए ट्री गार्ड लगाए गए हैं।
37 लाइट पोल पर लगाई जा रही हैं। गांव के गेट का शिलान्यास हो चुका है। मुसहर बस्ती में भी सीसीटीवी कैमरा लगा है। सबसे अनूठी पहल है लिविंग लाइब्रेरी। इसके लिए गांव के 10 परिवारों के मकान चुने गए हैं, जहां किताबें, ज्ञान और संवाद की परंपरा जीवित रहेगी।
पुस्तकालय का हो रहा कायाकल्प
पांच मार्च 2006 को जया बच्चन ने यहां पुस्तकालय का उद्घाटन किया था। अब उत्तर प्रदेश सरकार की मातृभूमि योजना के तहत उसी पुस्तकालय का टूटा प्लास्टर फिर से कराया जा रहा है। नई वायरिंग हो रही है, ताकि पुस्तकालय में फिर उजाला हो। मां चौरा देवी पर रोज पूजा-पाठ और आरती हो रही है। यह कार्यक्रम 27 नवंबर को डा. हरिवंश राय बच्चन की पुण्यतिथि तक चलेगा।
गांव वालों के चेहरे पर खुशी
मुसहर बस्ती की निजामा, रंजना, निरंजन वनवासी और रामलाल वनवासी कहते हैं कि जो सपना सोचा था, वह सच होता दिख रहा है। सीसीटीवी, बेंच, लाइट, बेटियों को साइकिल, गेट और अब महिलाओं को चक्की-मसाला मशीन।
बाबू पट्टी सच में बदल रहा है। कभी कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट पर महोखरी के चंद्र प्रकाश तिवारी के सामने अमिताभ बच्चन ने बाबू पट्टी के लोगों से माफी मांगते हुए गांव के विकास की बात कही थी। आज वही वादा धरातल पर उतरता दिख रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।