विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमिताभ बच्चन ने प्रतापगढ़ में पैतृक गांव बाबूपट्टी के लोगों से मांगी माफी, KBC की हॉट सीट पर कही दिल की बात

By Gurudeep Tripathi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 03 Oct 2026 12:39 PM (IST)

अमिताभ बच्चन ने 'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर अपने पैतृक गांव बाबूपट्टी (प्रतापगढ़) के लोगों से लाइब्रेरी निर्माण में ...और पढ़ें

अमिताभ बच्चन के साथ केबीसी के सेट पर प्रतापगढ़ के पट्टी के मूल निवासी चंद्र प्रकाश तिवारी।

अमिताभ बच्चन के साथ केबीसी के सेट पर प्रतापगढ़ के पट्टी के मूल निवासी चंद्र प्रकाश तिवारी।

HighLights

  1. 'कौन बनेगा करोड़पति' सेट पर लाइव प्रसारण के दौरान बाबूपट्टी में लाइब्रेरी बनवाने की जताई इच्छा

  2. केबीसी की हॉट सीट पर बैठे दिल्ली में रहने वाले पट्टी निवासी चंद्र प्रकाश तिवारी को दिया सम्मान

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में शुक्रवार को लाइव प्रसारण के दौरान मिलेनियम स्टार अमिताभ बच्चन ने अपने पैतृक गांव उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद स्थित बाबूपट्टी गांव के लोगों से माफी मांगी। उन्होंने गांव में जल्द लाइब्रेरी खुलवाने की बात कही।

अमिताभ बोले- अहा...वहां हमारे पूर्वजों का जन्म हुआ था

केबीसी की हॉट सीट पर पहुंचे दिल्ली में रहने वाले प्रतापगढ़ के पट्टी स्थित दड़वा महोखरी गांव निवासी चंद्र प्रकाश तिवारी ने जैसे ही बताया कि वह मूलतः प्रतापगढ़ में बाबूपट्टी गांव के बगल के रहने वाले हैं। इस पर अमिताभ बोल पड़े- अहा... वहां हमारे पूर्वजों का जन्म हुआ था। बाबू जी वहीं से आए थे।

बाबूपट्टी में हम जल्द लाइब्रेरी खोल देंगे

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए अमिताभ ने कहा- वहां हम कुछ करना चाहते थे, लेकिन कुछ रुकावट आ गई। बाबूपट्टी के लोग हमसे नाराज हैं। हम वहां के लोगों से माफी चाहते हैं। जल्द लाइब्रेरी खोल देंगे। दरअसल, पत्नीजी (जया बच्चन) वहां गई थीं। उनका विचार था कि लाइब्रेरी खुलनी चाहिए थी। बिल्डिंग बन गई है पर लाइब्रेरी नहीं खुल सकी। अमिताभ ने चंद्र प्रकाश को केबीसी में ठीक से खेलने की नसीहत देते हुए कहा कि नहीं तो बाबू पट्टी के लोग और गरियाएंगे हमें। अभी तो वो पहले से ही नाराज चल रहे हैं।

चंद्र प्रकाश ने कहा- अब खुलेगी लाइब्रेरी

चंद्र प्रकाश ने कौन बनेगा करोड़पति के शुक्रवार के प्रसारण में कहा- हमने वहां के लोगों को बताया नहीं था कि हम केबीसी में जा रहे हैं। अब लाइब्रेरी बन जाएगी, मुझे भरोसा हो गया है। फिर अमिताभ चंद्र प्रकाश से बोले, जाकर हमारा प्रचार कर दीजिए वहां कि हम लाइब्रेरी खुलवा देंगे। खेल के दौरान चंद्र प्रकाश तिवारी और अमिताभ ने खूब मस्ती की। अमिताभ बच्चन ने पांच लाख का चेक जारी किया।

सवाल-जवाब हुए और ठहाके लगे

अमिताभ ने चंद्र प्रकाश से पूछा कि वह काम क्या करते हैं तो उन्होंने कहा कि वह दिल्ली की आंख हैं। फिर बोले- सीसीटीवी कैमरे लगाते हैं। इस पर अमिताभ ने हंसी-हंसी में उनसे कई सवाल पूछे, जिसके जवाब पर वहां मौजूद लोगों ने खूब ठहाके लगाए।

इस सवाल पर चकरा गए चंद्र प्रकाश

चंद्र प्रकाश 10 सवालों का ही सही जवाब दे सके और पांच लाख रुपये जीत पाए। पट्टी तहसील के डड़वा गहोखरी गांव के निवासी अरविंद तिवारी के बेटे चंद्र प्रकाश तिवारी के चयन से उनके पैतृक गांव में जश्न का माहौल रहा। शुक्रवार को केबीसी का प्रसारण देखने के लिए उनके परिचितों के साथ रिश्तेदार भी टीवी के सामने डटे रहे।

परिचित व रिश्तेदार भी शो देखने जुटे

बिग-बी के सामने पूरे आत्मविश्वास से बैठे चंद्र प्रकाश सिर्फ 10 सवालों का ही सही जवाब दे सके और पांच लाख रुपये ही जीत पाए। 11वें सवाल रानी लक्ष्मीबाई ने किस स्थान पर वीरगति पाई थी। इसका 50-50 लाइफलाइन लेने के बाद भी सही जवाब नहीं दे पाने पर वह क्विज से बाहर हो गए। जबकि, इस सवाल तक चंद्रप्रकाश के पास दो लाइफलाइन शेष थी।

यह भी पढ़ें- Prayagraj : गंगापार में 100 हेक्टेयर में PDA बसाएगा नई टाउनशिप, बिजली-पानी व सड़क की सुविधा मिलेगी

यह भी पढ़ें- मेडिकल कॉलेज व हनुमान मंदिर चौराहे पर फ्लाईओवर को शासन से मंजूरी, जाम से मिलेगी मुक्ति; यातायात होगा सुगम