विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विश्व टेलीविजन दिवस: अब तय समय नहीं, दर्शक चुनते हैं मनोरंजन का वक्त; 80% घटे केबल कनेक्शन

Published: Sat, 21 Nov 2026 04:43 PM (GMT+05:30)

विश्व टेलीविजन दिवस पर पीलीभीत में टीवी देखने की आदतों में बदलाव देखा गया है, जहाँ दर्शक अब अपनी सुविधानुसार मनोरंजन चुनते हैं। पिछले एक दशक में जिले में लगभग 80% केबल कनेक्शन कम हो गए हैं।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. एक दशक में जिले के करीब 80 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने केबल कनेक्शन से किया किनारा

सृजित अवस्थी, पीलीभीत। आज विश्व टेलीविजन दिवस मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य शांति, सुरक्षा, सामाजिक-आर्थिक मुद्दों और वैश्विक संवाद पर टेलीविजन के प्रभाव को रेखांकित करना है। एक दौर था, जब टेलीविजन केवल सूचना और मनोरंजन का माध्यम न होकर पूरे परिवार को एक साथ जोड़ने का जरिया था। लोग अपने पसंदीदा कार्यक्रम के प्रसारण के हिसाब से अपनी दिनचर्या तय करते थे।

कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पूरा परिवार एक कमरे में इकट्ठा हो जाता था। लेकिन इंटरनेट और स्मार्टफोन ने टीवी देखने के पारंपरिक चलन को बदल दिया है। अब दर्शक तय समय के पाबंद नहीं रहे, वे अपनी दिनचर्या और सुविधानुसार मनपसंद कंटेट देख रहे हैं।

टीवी के क्षेत्र में बदलती तकनीक का सबसे बड़ा असर केबल और डीटीएच कारोबार पर पड़ा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते एक दशक में करीब 80 प्रतिशत उपभोक्ता केबल कनेक्शन से किनारा कर चुके हैं।

पीलीभीत में बंद दूरदर्शन रिले केंद्र। जागरण

वर्तमान में पूरे जिले में महज 1800 से 2000 केबल उपभोक्ता ही शेष बचे हैं। लगभग इतने ही सैटेलाइट डीटीएच उपभोक्ता होने का अनुमान है। इनमें भी अधिकतर वही परिवार हैं, जहां अभी तक हाइ-स्पीड इंटरनेट की पहुंच नहीं हो सकी है।

इसके विपरीत, जिले में वाइफाइ का दायरा तेजी से बढ़ा है। एक अनुमान के मुताबिक, जिले में 30 हजार से अधिक वाइफाइ उपभोक्ता हैं। इनमें अकेले शहर में करीब 15 हजार उपभोक्ता हैं। आज से एक दशक पहले शहर में केबल उपभोक्ताओं की संख्या भी लगभग इतनी ही हुआ करती थी।

वहीं, एक बड़ा वर्ग ऐसा भी है जो अपने स्मार्ट टीवी को मोबाइल इंटरनेट के माध्यम से इस्तेमाल कर रहा है। इंटरनेट की आसान उपलब्धता ने टीवी को भी स्मार्टफोन की तरह पर्सनलाइज्ड बना दिया है।

अब अधिकांश घरों में स्मार्ट टीवी लग चुके हैं, जहां दर्शक केबल के चैनलों के बजाय यूट्यूब और ओटीटी प्लेटफार्म पर अपनी पसंद का कंटेंट देखते हैं। किसी कार्यक्रम के छूट जाने की चिंता अब खत्म हो चुकी है।

बुजुर्गों और बच्चों तक सिमटी उपयोगिता

बदलते डिजिटल दौर में टीवी घर के बुजुर्गों और बच्चों के लिहाज से उपयोगी है। जो बुजुर्ग स्मार्टफोन चलाने में सहज नहीं हैं, उनके लिए समाचार और धार्मिक-मनोरंजक कार्यक्रमों का मुख्य जरिया आज भी टीवी ही है।

वहीं, चिकित्सकों की ओर से बच्चों को मोबाइल की छोटी स्क्रीन से दूर रखने की सलाह के बाद अभिभावक भी सतर्क हुए हैं। ऐसे में स्वजन बच्चों के मनोरंजन के लिए उन्हें मोबाइल देने के बजाय टीवी पर कार्टून या अन्य कार्यक्रम दिखाना अधिक सुरक्षित मानते हैं।

वर्ष 2018 में बंद हुआ था टीवी टावर

शहर की टनकपुर रोड पर स्थित दूरदर्शन रिले केंद्र एक समय शहर का प्रमुख लैंडमार्क हुआ करता था। स्थानीय लोगों के बीच इसे टीवी टावर के नाम से जाना जाता था। एंटीना के दौर में इस केंद्र से प्रसारित होने वाले सिग्नल घरों तक पहुंचते थे।

मगर, केबल, डीटीएच और इंटरनेट के बढ़ते चलन के बीच 29 वर्षों तक प्रसारण के बाद वर्ष 2018 में इस रिले केंद्र को बंद कर दिया गया। अब इस परिसर में केवल एक कर्मचारी की तैनाती है, जो परिसर के रखरखाव की जिम्मेदारी संभालता है।

यह भी पढ़ें- UP Tourism: पीलीभीत में 5 करोड़ से बनेगी लग्जरी 'टेंट सिटी', चूका बीच से सीधे अयोध्या और वाराणसी के लिए उड़ सकेंगे पर्यटक!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।