यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Weather Update: प्रचंड गर्मी के बीच पीलीभीत में मौसम ने दी राहत, 2.2 डिग्री गिरे तापमान से सुहाना रहा सुबह का मौसम
Pilibhit Weather Update News In Hindi पीलीभीत में गर्मी से परेशान लोगों को मंगलवार की सुबह पछुआ हवा ने राहत ...और पढ़ें

HighLights
- आने वाले दिनों में तापमान में दिख सकता है बदलाव
- दो दिन में तापमान 42 डिग्री रहने का अनुमान
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। Weather Update: तराई के जिले में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच सोमवार की रात पछुआ हवाओं ने लोगों को कुछ राहत दे दी लेकिन सुबह धूप खिलते ही वातावरण में गर्मी बढ़ने लगी। मौसम विभाग की ओर से अधिकतम तापमान 41-42 डिग्री के बीच रहने का पूर्वानुमान दिया गया है।
विगत रविवार की रात न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था लेकिन सोमवार की रात इसमें गिरावट आई। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
दरअसल सायं से ही पछुआ हवा का रुख तेज हो जाने से लोगों को राहत मिली। रात में पछुआ हवा के झोंके बीच-बीच में काफी तेज हो जाते रहे। इससे हवा की गति 30 से 35 किमी प्रति घंटा तक रही। इसी का परिणाम रहा कि रात के तापमान में गिरावट आ गई।
पछुआ हवा ने दिया सुकून
मंगलवार को प्रात: तक मौसम सुहाना रहा। मंद गति से चलने वाली पछुआ हवा ने सुबह की सैर करने निकलने वालों को काफी सुकून दिया। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही सूर्यदेव के तेवर तीखे होने लगे।
राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डा. शैलेंद्र सिंह ढाका ने पंतनगर स्थित कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के हवाले से जानकारी दी कि मंगलवार को दिन में अधिकतम तापमान 41-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
डा. ढाका के अनुसार इन दिनों पश्चिमी हवा चल रही है। यह हवा दिन में सूर्य की तपिश के चलते गर्म हो जाती है लेकिन सायं को इसमें कुछ शीतलता आ जाने से लोगों को उमस भरी गर्मी से रात में भी राहत मिल गई।
