चांदी के दाम घटे: धनतेरस पर छाई रौनक, चांदी के सिक्के और गणेश-माता लक्ष्मी की मूर्तियों की पीलीभीत में बिक्री तेज
चांदी की कीमतों में गिरावट से पीलीभीत के सर्राफा बाजार में धनतेरस और दीपावली से पहले रौनक लौट आई है। ...और पढ़ें

बाजार में मौजूद चांदी के सिक्के।
HighLights
चांदी के दाम घटने से सर्राफा बाजार में रौनक।
पायल, बिछिया, चांदी के सिक्के, मूर्तियों की बिक्री तेज।
धनतेरस-दीपावली पर बंपर बिक्री की उम्मीद व्यापारियों को।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। धनतेरस और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों के करीब आते ही जिले के सर्राफा बाजारों में रौनक लौटने लगी है। पिछले कुछ महीनों में आसमान छू रहे चांदी के दामों में हाल ही में आई गिरावट ने ग्राहकों और व्यापारियों दोनों के चेहरे खिला दिए हैं। कीमतों में नरमी के कारण शहर के सर्राफा बाजार में पायल, बिछिया, चांदी के सिक्के और भगवान गणेश-माता लक्ष्मी की मूर्तियों की बिक्री तेज हो गई है।
चांदी का भाव अब घटकर दो लाख रुपये के पास आया
व्यापारियों के अनुसार, कुछ समय पहले चांदी का भाव 2.40 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया था, लेकिन अब यह घटकर दो लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है। इसी तरह 22 कैरेट सोने का भाव भी करीब 1.30 लाख रुपये के आसापास है। दामों में आई इस गिरावट से जिले के ज्वेलर्स धनतेरस और दीपावली पर बंपर बिक्री की उम्मीद जता रहे हैं। शहर के प्रमुख सर्राफा व्यापारियों का कहना है कि ग्राहक मुख्य रूप से चांदी की पायल, बिछिया और पूजन के लिए गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां पसंद कर रहे हैं।
सोने के रेट में भी हुआ बदलाव
वहीं, सोने के आभूषणों में हल्की ज्वेलरी जैसे अंगूठी, चेन और टाप्स की मांग अधिक है। गौरतलब है कि पिछले साल इस सीजन में चांदी करीब 1.50 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी और पुराने सिक्के 2,000 रुपये व नए सिक्के 1,800 रुपये में बिक रहे थे।
यह भी पढ़ें- संंभल में टैंक की खोदाई में निकला मिट्टी का कलश, अंदर निकला अंग्रेजों के जमाने का 'खजाना', अब होगी जांच
सिक्कों के रेट में हुआ बदलाव
वर्तमान में कीमत घटने के बावजूद पुराना चांदी का सिक्का करीब 2,500 रुपये और नया सिक्का 2,300 रुपये के आसपास बिक रहा है। चांदी की गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां भी 4,000 रुपये से शुरू होकर ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं।