विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शारदा नदी मचा रही तबाही: नहरोसा में घरों से महज 50 मीटर दूर पहुंचा पानी, 2 एकड़ गन्ना फसल जलमग्न

Published: Wed, 07 Oct 2026 08:22 PM (IST)

शारदा नदी ने नहरोसा और हजारा में फिर कटान शुरू कर दिया है, जिससे किसानों की दो एकड़ गन्ने की ...और पढ़ें

पूरनपुर के नहरोसा गांव के पास कटान करती शारदा नदी। स्रोत ग्रामीण

पूरनपुर के नहरोसा गांव के पास कटान करती शारदा नदी। स्रोत ग्रामीण

HighLights

  1. -हजारा में भी कटान, दो एकड़ गन्ना निगल गईं शारदा, धनाराघाट पर गर्डर बच पाना मुश्किल, जुटे हुए श्रमिक

संवाद सहयोगी, पूरनपुर (पीलीभीत)। शारदा नदी ने हजारा और नहरोसा में किसानों की जमीनों का फिर कटान शुरू कर दिया है। दो एकड़ गन्ने की तैयार फसल नदी निगल गई है। तीन जगह कटान शुरू होने से लोग भयभीत हैं। धनाराघाट पर सेतु निगम के गर्डर बच पाना मुश्किल है। फिर एक गर्डर नदी के मुहाने पर आकर भेंट चढ़ने के कगार पर पहुंच गया।

अभी तक नहरोसा गांव में कटान शांत था। लेकिन पानी के घटते बढ़ते जलस्तर से कटान फिर शुरू हो गया। नदी ने ग्राम प्रधान अंजुम वानो के घर के पीछे मोहम्मद राशिद और रऊफ के गन्ने के खेतों को चपेट में ले लिया।

दो दिनों में नदी एक एकड़ गन्ने को काट चुकी है। लगातार कटान जारी है। इससे किसान भयभीत हो गए हैं। गांव हजारा के किसानों की सैकड़ों एकड़ जमीन नदी की भेंट चढ़ने के बाद अब फिर से कटान शुरू हो गया है।

किसान देवनरायन, राधेश्याम, सुखदेव सिंह, पुनीत आदि किसानों की गन्ने सहित फसल नदी के आगोश में समा रही है। किसान फसल कटने से बदहवास हैं। उनकी पहले भी कई एकड़ जमीन नदी निगल चुकी है।

कई किसान भूमिहीन होने के कगार पर पहुंच गए और कई भूमिहीन हो गए। उधर धनाराघाट में नदी का प्रकोप जारी है। कार्यदायी संस्था की तरफ से बनाया गया एक और गर्डर नदी की चपेट में आ गया।

एक गर्डर पहले ही पानी में समा चुका है। कटान रोकने के लिए संस्था के श्रमिक जुटे हुए हैं। लेकिन राहत नहीं मिल पा रही है। अगर इसी तरह से कटान जारी रहा तो जल्द ही सभी गर्डर नदी में समाने की संभावना है।

नहरोसा गांव की आबादी से पचास मीटर दूर नदी

नदी ने एक बार फिर नहरोसा में तबाही मचा दी है। दो किसानों के गन्ने की फसल को तेजी के साथ नदी मिटा रही है। नदी से आबादी की दूरी महज पचास से 60 मीटर रह गई। इससे ग्रामीण परेशान हैं। गांव चपेट में आने की संभावना जताई जा रही है। पिछले माह भी नदी ने हल्का कटान किया था।

बिजनौर में काम करने वाली टीम ने किया सर्वे

जनपद बिजनौर में शारदा की तरह वहां भी नदी जमकर कटान कर रही थी। पायोनीर फाउंडेशन प्राइवेट लिमिटेड गुड़गांव के इंजीनियरों की टीम ने वहां बचाव कार्य किया। इससे कटान रूक गया। उसी तर्ज पर इस क्षेत्र में बचाव कार्य करने के उद्देश्य से धनाराघाट, चंदिया हजारा कटान क्षेत्रों का टीम ने ड्रोन सर्वे किया। वह उच्चाधिकारी के सामने प्रस्ताव रखेंगे। स्वीकृति मिलने पर काम होगा।

 

नहरोसा में कटान की सूचना मिलने पर टीम गई थी। कटान स्थिर है और गांव अभी दूर है। गुरूवार को दोबारा टीम भेजी जाएगी। बचाव कार्य भी कराया जाएगा।

- सौरभ ओझा, एसडीओ, बाढ़ खंड पूरनपुर


यह भी पढ़ें- बरेली से पकड़े जाएंगे 1000 बंदर, शाहजहांपुर-पीलीभीत के जंगलों में छोड़ने की तैयारी; 825 रुपये प्रति बंदर तय

यह भी पढ़ें- ब्रिटिश काल में भी था पीलीभीत के बाघों का खौफ! 1947 की इस किताब में दर्ज है हैरान करने वाला सच