विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बैंक की लाइन छोड़िए: डाकिया घर आकर करेगा बायोमीट्रिक सत्यापन, 70 रुपये में बनेगा जीवन प्रमाणपत्र

Published: Thu, 26 Nov 2026 04:42 PM (IST)

डाक विभाग अब पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट सेवा को घर बैठे उपलब्ध करा रहा है। डाकिया बायोमीट्रिक डिवाइस से सत्यापन कर 70 रुपये में जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा करेगा, जिससे बुजुर्गों को बैंक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. अंगुलियों के निशान नहीं मिले तो आंखों की स्कैनिंग से होगी पहचान

वैभव मिश्रा, पीलीभीत। पेंशन मिलती रहे, इसके लिए हर साल खुद के जीवित होने का सबूत देना पड़ता है। अब इसके लिए बुजुर्गों को बैंक की सीढ़ियां चढ़ने और कतारों में खड़े होकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की मजबूरी नहीं होगी। डाक विभाग का डाकिया ही घर पहुंचकर डिजिटल तरीके से उनके जीवित होने की गवाही देगा।

उसकी बायोमीट्रिक डिवाइस पेंशनर की पहचान करेगी और जीवन प्रमाणपत्र सीधे आनलाइन जमा हो जाएगा। यानी अब पेंशन जारी रखने के लिए बुजुर्गों को अपनी उम्र और बीमारी से मुकाबला करते हुए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

डाक विभाग की डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट सेवा के तहत डाकिया पेंशनर के घर पहुंचकर अंगुलियों के निशान अथवा आंखों की पुतलियों की स्कैनिंग से सत्यापन करेगा।

प्रक्रिया पूरी होने के बाद जीवन प्रमाणपत्र संबंधित पेंशन वितरण संस्था तक ऑनलाइन पहुंच जाएगा। पेंशनर के मोबाइल पर भी प्रमाणपत्र जमा होने का संदेश आएगा। इस सुविधा के लिए 70 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

चल रही सेवा, अब सत्यापन में बेहतर सुविधा

पोस्टमास्टर नरेश कुमार ने बताया कि डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की यह सुविधा पहले से संचालित है। अब बायोमीट्रिक सत्यापन की व्यवस्था से इसे और बेहतर बनाया गया है।

इससे खासकर उन बुजुर्गों को सहूलियत मिलेगी, जो बीमारी, शारीरिक अक्षमता या अधिक उम्र के कारण बैंक और अन्य कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते। जिले में करीब 143 डाकघर हैं। इनके माध्यम से इस सुविधा का लाभ पेंशनरों तक पहुंचाया जा सकता है।

जीवन प्रमाणपत्र बनवाने के लिए पेंशनर को कुछ जरूरी जानकारियां उपलब्ध करानी होंगी। इनमें पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) नंबर, बैंक खाता संख्या, पेंशन वितरण विभाग का विवरण और आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर शामिल है। इन जानकारियों के आधार पर डाकिया अपनी डिवाइस से सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करेगा।

अंगुलियां देंगी धोखा तो आंखें आएंगी काम

बढ़ती उम्र में कई बार अंगुलियों के निशान स्पष्ट नहीं आते। ऐसे में पेंशनर को सत्यापन के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। डिवाइस में आंखों की पुतलियों की स्कैनिंग का विकल्प भी उपलब्ध है। इसके जरिए पहचान की पुष्टि की जा सकती है। सत्यापन पूरा होते ही डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा हो जाएगा।

70 रुपये में घर बैठे जीवन का प्रमाण

पेंशनरों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट सेवा के लिए 70 रुपये शुल्क देना होगा। इसके लिए बैंक या कोषागार तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। डाकिया घर पहुंचकर बायोमीट्रिक सत्यापन करेगा।

प्रक्रिया पूरी होने पर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्रमाणपत्र जमा होने की सूचना मिलेगी। बुजुर्गों, दिव्यांगों और अस्वस्थ पेंशनरों के लिए यह व्यवस्था खास राहत देने वाली है।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: शारदा सागर डैम किनारे बेसहारा पशुओं के लालच में जंगल से बाहर आ रहे बाघ, हमले और संक्रमण का खतरा बढ़ा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।