कारोबार के लिए 50 लाख नहीं मिले तो विवाहिता को वैवाहिक सुख से रखा वंचित, पति समेत तीन पर केस
दहेजलोभी पति ने पीलीभीत की विवाहिता को कारोबार के लिए 50 लाख रुपये न मिलने पर वैवाहिक सुख से वंचित रखा और मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना दी। महिला ने नोएडा निवासी पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और क्रूरता की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

एआई इमेज
HighLights
डेढ़ वर्ष पहले हुई थी शादी, पति ने मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना दी
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। दहेजलोभी पति ने विवाहिता को डेढ़ वर्ष मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना दी। वह मायके से 50 लाख रुपये लेकर नहीं आ सकीं तो उन्हें वैवाहिक सुख से वंचित कर दिया। सोमवार को उन्होंने नोएडा निवासी पति, सास व ससुर के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न, क्रूरता एवं मानसिक-शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने की धारा में प्राथमिकी दर्ज कराई।
नगर में रहने वाली विवाहिता ने बताया कि 16 अप्रैल 2025 को नोएडा निवासी युवक से शादी हुई थी। माता-पिता का निधन हो चुका, इसलिए भाई व ताऊ ने शादी की थी।
पति की इच्छा के अनुसार, रामनगर के रिसोर्ट में वैवाहिक समारोह में 35 लाख रुपये खर्च हुए थे। कुछ दिन बाद पति कारोबार के लिए 50 लाख रुपये लाने का दबाव बनाने लगा।
इतनी रकम की व्यवस्था नहीं हो सकती, इसलिए टालमटोल करती रही। इस बीच वह स्काटलैंड घुमाने ले गया, क्योंकि टिकट पहले से करा लिए थे। वहां पैर में फ्रैक्चर होने पर उसने उपचार तक नहीं कराया।
वहां से लौटने के बाद पति पुणे चला गया, एक महीने तक लौटकर नहीं आया। उसने कभी संबंध नहीं बनाए। सास ने जेवर, नकदी, आधारकार्ड पासपोर्ट, बैंक पासबुक आदि कागज छीन लिए। परेशान होकर 13 जनवरी को मायके चली गई।
इस बीच भाई ने समझौते के कई प्रयास किए। 15 नवंबर को पति के दरवाजे पर पहुंची, लेकिन पति ने अंदर नहीं घुसने दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी ने बताया कि प्राथमिकी में उल्लेखित आरोपों की जांच की जा रही। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।