इंस्टाग्राम दोस्ती का खौफनाक अंजाम! 3 बार गर्भपात कराया, अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल कर बनाया धर्म परिवर्तन का दबाव
पीलीभीत में इंटरनेट मीडिया से शुरू हुई दोस्ती शोषण, तीन गर्भपात और मतांतरण के दबाव तक पहुंच गई। युवती की शिकायत पर पुलिस ने युवक राजा मिर्जा समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एआई इमेज
HighLights
चार साल से संबंध होने का आरोप, वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर युवती को डराया
युवक समेत सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी, स्वजन की ओर से शादी का भरोसा देने का भी जिक्र
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। इंटरनेट मीडिया से शुरू हुई दोस्ती कथित तौर पर शोषण, तीन बार गर्भपात और मतांतरण कराने के दबाव तक पहुंच गई। आरोप है कि बीसलपुर निवासी राजा मिर्जा ने शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाए, गर्भपात कराया और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर बनाई गई वीडियो प्रसारित करने की धमकी दी गई। परेशान होकर युवती ने पुलिस से शिकायत की।
अमरिया क्षेत्र की एक हिंदू युवती ने बीसलपुर निवासी राजा मिर्जा उर्फ शैलम पर चार साल तक शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, नशीला पदार्थ पिलाकर वीडियो बनाने और उसे प्रसारित करने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायत में युवक के पिता रियासत बेग, मां निशात और चाची मुन्नी और बहन सना मिर्जा, सफा और बुशरा को भी आरोपित किया गया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले इंटरनेट मीडिया के जरिये राजा मिर्जा उर्फ शैलम निवासी बीसलपुर से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि दो अप्रैल 2022 को युवक ने युवती को मिलने के लिए बुलाया।
वहां चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद शारीरिक संबंध बनाए और वीडियो भी बना लिया। आरोप है कि वीडियो के जरिये धमकाते हुए उसे संबंध बनाए रखने के लिए मजबूर किया गया।
युवक कथित तौर पर कहता था कि बीसलपुर आना होगा, अन्यथा वीडियो प्रसारित कर देगा। युवती का आरोप है कि युवक शादी का भरोसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। जून 2023 में तीन माह की गर्भवती होने पर बीसलपुर में गर्भपात कराया गया।
आरोप है कि युवक के पिता रियासत बेग, मां निशात और चाची मुन्नी बहन सना मिर्जा, सफा और बुशरा ने भी उसे राजा के साथ संबंध बनाए रखने का भरोसा दिया और समय आने पर शादी कराने की बात कही।
दिसंबर 2024 में दोबारा गर्भवती होने पर गर्भपात कराने और मई 2025 में फिर गर्भवती होने पर छह माह के जुड़वा बच्चों का गर्भपात कराने का आरोप लगाया गया है। युवती का आरोप है कि युवक शादी के लिए मतांतरण करने का दबाव डाल रहा था।
विरोध करने पर वीडियो प्रसारित करने की धमकी दी गई। परेशान होकर युवती ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। अमरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।